Weather Update: अगले तीन दिनों तक आसमान से बरसेगी आग, कहीं-कहीं हो सकती है बूंदाबांदी
बारिश का इंतजार बेसब्री से है। लेकिन मेरठ और आसपास के जिलों समेत पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आग आसमान से बरस रही है। लोगों का गर्मी से हाल बेहाल है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अभी तीन दिनों तक ऐसे ही हालात बने रहेंगे।
मेरठ, जेएनएन। बारिश का इंतजार बेसब्री से है। लेकिन मेरठ और आसपास के जिलों समेत पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आग आसमान से बरस रही है। लोगों का गर्मी से हाल बेहाल है। आलम यह है कि दोपहर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बाजार सुने रह रहे हैं। सड़कों पर भी वाहन कम ही दिखाई दे रहे हैं। दिन का पारा 40 के पार हर दिन पहुंच रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अभी तीन दिनों तक ऐसे ही हालात बने रहेंगे। हालाकि इस बीच में कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है।
गर्मी ने हाल बेहाल कर दिया है। आसमान से बरसती आग ने लोगों को हलकान कर रखा है। गुरुवार को तापमान 40.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री अधिक था। न्यूनतम तापमान 30 डिग्री रहा, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक था। भारतीय कृषि प्रणाली अनुसंधान संस्थान मोदीपुरम के विज्ञानी डा. एन. सुभाष ने बताया कि आने वाले एक-दो दिन में अधिकतम तापमान 42 पार चला जाएगा। दो-तीन दिन के बाद ही मेरठ में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है। गुरूवार को सुबह 11 बजे के बाद से ही गर्मी का जो प्रकोप शुरू हुआ, वह देर शाम तक चला। तपन के साथ चिपचिपी गर्मी ने कोढ़ में खाज का काम किया। इस बीच बिजली कटौती से लोग बिलबिला उठे। मेरठ में मानसून में हो रही देरी की वजह से हालात और बुरे होते जा रहे हैं। मौसम विभाग ने पूर्व में मानसून समय से पहले आने की घोषणा की थी, लेकिन अब यह 29 जून की तय तिथि से काफी आगे निकल गया है। विज्ञानियों ने पांच-छह जुलाई को मानसून के आने की संभावना जताई है। तब तक शहरवासियों को गर्मी का ताप ङोलना पड़ेगा।
मानसून के न आने से लोग परेशान
दिल्ली एनसीआर समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश को मानसून का इंतजार है। लेकिन मौसम में हुए बदलाव के कारण बारिश आने की संभावना अभी नहीं जताई जा रही है। साथ ही गर्मी अपने उच्चतम स्तर पर पहुंच रही है। अब तो अनुमान यह भी लगाया जा रहा है कि पारा 42 तक भी जा सकता है। मानसून न आने से लोग परेशान हैं।