Meerut Weather Update: मेरठ और आसपास के जिलों में बारिश ने बदला मौसम, गर्मी से मिली राहत
मंगलवार की सुबह से ही मेरठ में आसमान बादलों से घिरा नजर आ रहा था वहीं बाद में बारिश का दौर शुरू हो गया। वहीं बागपत और बुलंदशहर में भी बारिश के साथ लोगों को गर्मी से राहत मिली। आज पूरे दिन बारिश होने की संभावना जताई जा रही है।
मेरठ, जेएनएन। Meerut Weather Update मेरठ और आसपास के जिलों में मंगलवार को बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया। मेरठ, बागपत और बुलंदशहर में बारिश हो रही है। बारिश के चलते लोगों को गर्मी से राहत मिली, यह बारिश किसानों के लिए फायदेमंद है। सोमवार को भी बादल नजर आ रहे थे, लेकिन बारिश नहीं हुई थी। मौसम विभाग के अनुसार एक दो मौसम के सुहावना बने रहने की संभावना है।
कई स्थानों पर बारिश के आसार
बिजनौर, सहारनपुर और मुजफ्फनगर में भी आसमान पर बादल गश्त करते नजर आए। कई स्थानों पर तेज हवाओं के चलने की भी संभावना है। बुलंदशहर में हवा की गति के साथ मौसम का मिजाज बदलते ही मंगलवार को झमाझम बरसात होने लगी। सुबह से हल्की फुहारों के साथ मौसम सुहावना हो गया। इससे पारा नीचे आया और गर्मी के प्रकोप से राहत मिली। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में अभी इसी तरह का मौसम बने रहने का पूर्वानुमान जताया है।
दिन चढ़ते ही बरसने लगी रिमझिम फुहारें
मंगलवार को दिन निकलते ही आसमान में घटा छा गई। दिन चढ़ते ही रिमझिम की फुहारें बरसने लगी। धीरे-धीरे रिमझिम फुहारें झमाझम बरसात में बदलने लगी। अधिकतम तापमान दो डिग्री की गिरावट के साथ 29 डिग्री रिकार्ड किया गया। जबकि न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस पर थमा रहा। इससे गर्मी का असर कम हो गया और लोगों को काफी राहत मिली। मौसम वैज्ञानिक डा. रामानंद पटेल ने बताया कि हवा की दिशा बदलने से बरसात हो रही है। आने वाले दिनों में भी इसका असर बने रहने की संभावना रहेगी। हवा की गति भी बढ़ने का पूर्वानुमान है। इससे तापमान में गिरावट होगी।
जलभराव की समस्या से हुए परेशान
झमाझम बरसात से जहां गर्मी से राहत मिली। वहीं, नगर पालिका की सफाई व्यवस्था की कलई भी खुल गई। जगह-जगह सड़कों पर जलभराव की समस्या से लोग हलकान रहे। सड़के कीचड़ से सन गई। लोगों को गंतव्य तक पहुंचने के लिए पानी उतरने का इंतजार करना पड़ा। शहर के चांदपुर रोड, ईंटा रोडी, साठा, देवीपुरा, बीसा कालोनी, धमेड़ा अड्डा, डीएम रोड, कालाआम चौराहा आदि इलाकों में जल-जमाव की समस्या हुई।