Meerut Weather Update: मेरठ में कोहरे और शीत लहर के बीच बारिश होने की संभावना
Meerut Weather मौसम विभाग के अनुसार एक दो दिन में बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। सोमवार को न्यूनतम पारा सात डिग्री और अधिकतम पारा 18 डिग्री तक रहने की संभावना है। सुबह के समय कोहरा अभी बना हुआ है।
मेरठ, जेएनएन। Meerut Weather Update सहारनपुर और मेरठ मंडल इनदिनों घने कोहरे और शीत लहर की चपेट में है। सोमवार की सुबह भी रविवार की तरह ही कोहरे से ही शुरुआत हुई। मौसम विभाग के अनुसार एक दो दिन में बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। सोमवार को न्यूनतम पारा सात डिग्री और अधिकतम पारा 18 डिग्री तक रहने की संभावना है। ठंड का प्रकोप बढ़ने से दिन के पारे में भी गिरावट आई है। सुबह और शाम के समय अभी शीत लहर का प्रकोप जारी रहेगा।
मेरठ में ज्यादा ठंड
मेरठ का अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री कम 15.6 डिग्री रहा। न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम सात डिग्री रहा। कुल्लू, मसूरी और वैष्णोदेवी दरबार की तुलना में मेरठ में ठंड अधिक रही। दिल्ली और मुजफ्फरनगर में रात का पारा कम रहा, पर दिन में पारा मेरठ से ज्यादा रहा। शीतलहर का प्रकोप पश्चिम उत्तर प्रदेश के साथ मध्य और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी है। लखनऊ में भी अधिकतम तापमान मेरठ के समान रहा। अलीगढ़ में 14.4 डिग्री दर्ज किया गया।
बढ़ रही गलन भी
पर्वतीय इलाकों की ठंड एक बार फिर हवा के साथ पश्चिम उत्तर प्रदेश में उतर आई है। शुक्रवार का दिन गलन और कोहरे की चपेट में रहा। मौसम ने अचानक करवट ली है। सुबह के समय घना कोहरा रहा। दोपहर डेढ़ बजे तक सूर्य देव ने कुछ मिनटों के लिए एक-दो बार दर्शन दिए। इसके बाद बादलों को भेदते हुए किसी तरह धूप धरती पर उतरी। पर गर्माहट न होने के कारण कंपकंपी दूर नहीं हुई। शाम होते ही पारा फिर एकदम से डूबता दिखा। वातावरण में अत्यधिक गलन होने के कारण लोगों का हाल बेहाल हो गया।
विशेषज्ञों ने यह कहा
मेरठ समेत पश्चिम, मध्य और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अधिकांश जनपदों में जोरदार ठंड का प्रकोप रहने की संभावना है। आरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विशेषज्ञों ने एनसीआर और पश्चिम उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं बूंदाबांदी और गरज चमक के साथ बौछारें पडऩे की आशंका जताई है । सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय के मौसम केंद्र के प्रभारी डा. यूपी शाही ने बताया कि जम्मू कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में बारिश और हिमपात की आशंका है। अगले पांच दिनों तक कोहरा और शीतलहर का प्रकोप रहेगा।