मेरठ में हाड़ कंपाने वाली ठंड, जानें कब मिल सकती है कुछ राहत
Meerut Weather Update मेरठ किस कदर प्रचंड ठंड की गिरफ्त में है इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि लगातार छह दिन से जनपद में कोल्ड डे की स्थिति बनी हुई है। 13 जनवरी से मेरठ का अधिकतम तापमान निम्नतम 11 से 14.2 डिग्री के बीच बना है।
मेरठ, जागरण संवाददाता। मेरठ व आसपास के जिलों में हाड़ कंपाने वाली ठंड जारी है। मंगलवार को 16 वीं बार न्यूनतम तापमान पांच या पांच डिग्री से कम 4.8 डिग्री दर्ज किया गया। कहने का आशय यह है कि विगत 37 दिन में 16 बार तापमान पांच या उससे कम आंका गया है। मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री कम 14.2 डिग्री रहा।
मेरठ किस कदर प्रचंड ठंड की गिरफ्त में है इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि लगातार छह दिन से जनपद में कोल्ड डे की स्थिति बनी हुई है। 13 जनवरी से मेरठ का अधिकतम तापमान निम्नतम 11 डिग्री से 14.2 डिग्री के बीच बना हुआ है। यह गंभीर कोल्ड डे की स्थिति है।
बताते चलें कि दिन का तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम और रात का तापमान 10 डिग्री से कम और सामान्य से कम हो तो उस दिन को कोल्ड डे कहा जाता है। मंगलवार को सुबह के समय शहर के बाहरी इलाकों में कोहरा भी देखा गया। दिन में कुछ देर तक ही सूर्य देव नजर आए। पूरे दिन आसमान में अधिक ऊंचाई वाले बादल बने रहे। शाम होते ही ठंड का प्रकोप बढ़ गया। लोग घरों में गर्म लिहाफों में दुबके रहे।
वर्षा का भी अनुमान
कृषि प्रणाली संस्थान के प्रधान मौसम विज्ञानी डा. एन. सुभाष ने बताया कि 21 और 22 को बारिश की संभावना है। इस बीच कोल्ड डे की स्थिति बनी रहेगी। उधर, मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार कड़ाके की सर्दी का सितम अभी आठ से 10 दिन और जारी रहेगा। हालांकि इस दौरान थोड़ी राहत जरूर मिलेगी, लेकिन कभी दिन तो कभी रात के दौरान ठिठुरन परेशान करती ही रहेगी। महीने के अंतिम दिनों में इस ठिठुरन के एक हद तक खत्म होने का अनुमान है।