Meerut Weather Update मेरठ में घने कोहरे के साथ दिन की शुरुआत, ठंड ने तोड़ा 42 साल का रिकार्ड
Meerut Weather News Update मेरठ और आसपास के जिलों में शुक्रवार को भी दिन की शुरुआत घने कोहरे के साथ हुई। वहीं कोहरे के कारण वाहन चालकों को काफी दिक्कतों को सामना करना पड़ा। आज भी धूप के निकलने के आसार कम ही है।
मेरठ, जागरण संवाददाता। Meerut Weather Update सर्दी का सितम अभी कम होता नजर नहीं आ रहा है। गुरुवार के बाद शुक्रवार को भी सुबह से ही घने कोहरे का सामना हुआ। आज भी धूप के निकलने के आसार कम ही है। वहीं कोहरे के कारण वाहन सड़कों पर रेंगते हुए नजर आए। आम आदमी को भी दिक्कतों को सामना करना पड़ा। पहाड़ों पर बर्फबारी के चलते मैदानी इलाकों में शीतलहर जारी है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 14 डिग्री रहा। मौसम विज्ञानियों के अनुसार, 13 जनवरी के रिकार्ड में 1980 के बाद यह अधिकतम तापमान सबसे कम था। वहीं, गुरुवार दिनभर लोग सूर्यदेव के प्रकट होने की आस लगाए रहे। लेकिन सूरज बादलों के आगोश में दुबका रहा। दोपहर में कुछ देर के लिए धूप निकली, लेकिन शीतलहर के बीच बेअसर ही रही।
शीतलहर अभी जारी रहेगी
भारतीय कृषि प्रणाली अनुसंधान संस्थान मोदीपुरम के मौसम विज्ञानी डा. एन. सुभाष ने बताया कि गुरुवार को न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री दर्ज किया गया, जो औसत से तीन डिग्री नीचे था। वहीं, अधिकतम तापमान 14 डिग्री रहा, जो सामान्य से आठ डिग्री कम रहा। कृषि विश्वविद्यालय के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा के नोडल अधिकारी डा. उदय प्रताप शाही ने बताया कि 14 व 15 जनवरी को घना कोहरा रहेगा। शीतलहर भी जारी रहेगी।
बारिश ने भी बढ़ाई ठंडक
गौरतलब है कि बीते दिनों मेरठ जनपद और आसपास के जिलों में चार दिन से बारिश होती रही। जनवरी में अब तक हुई बारिश ने 1995 के अधिकतम बारिश के रिकार्ड को भी पीछे छोड़ दिया था। ठंड और बारिश का गठजोड़ जनपद वासियों के लिए परेशानी का सबब बना। सप्ताहांत में लगातार दो दिन बारिश ने लोगों को घरों में रहने को मजबूर कर दिया। रविवार को दिन में सूर्यदेव ने दर्शन दिए, लेकिन घने बादलों से उनकी होड़ चलती रही। दोपहर में एक समय ऐसा भी था कि धूप खिली रही और बौछारें भी पड़ती रहीं। वहीं सोमवार की सुबह बारिश नहीं हुई लेकिन कोहरा छाया रहा। हालांकि आज धूप निकलने के भी आसार बन रहे हैं। कुछ देर बाद आसमान पर धूप नजर आई लेकिन साथ ही बादल भी छाए हुए हैं। दिन में निकली हल्की धूप ने ही कुछ राहत पहुंचाई।