दिनभर छाए रहेंगे बादल और बूंदाबांदी के भी आसार, जानिए मेरठ के मौसम का हाल
Meerut Weather Update मेरठ और आसपास के जिलों में शुक्रवार की सुबह की शुरुआत कुछ स्थानों पर घने कोहरे के साथ हुई। मेरठ में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री व अधिकतम तापमान 19.6 डिग्री दर्ज किया गया था। धूप के निकलने की संभावना कम ही है।
मेरठ, जागरण संवाददाता। Meerut Weather Update मेरठ और आसपास के जिलों में शुक्रवार को सुबह कई स्थानों पर घने कोहरे से सामना हुआ। आज भी बारिश होने के आसार बन रहे हैं। आसमान पर बादल छाए रहेंगे। वहीं बुधवार को बारिश के बाद गुरुवार को दिनभर आसमान में बादल छाए थे। बीच-बीच में कुछ देर के लिए सूर्यदेव के दर्शन जरूर हुए, लेकिन धूप खिलकर नहीं निकल पाई। मौसम विज्ञानियों के अनुसार नौ जनवरी के बाद मौसम साफ होने लगेगा।
यह बताया नोडल अफसर ने
कृषि विश्वविद्यालय मोदीपुरम में ग्रामीण कृषि मौसम सेवा के नोडल अधिकारी डा. उदय प्रताप शाही ने बताया कि गुरुवार को न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री व अधिकतम तापमान 19.6 डिग्री दर्ज किया गया। न्यूनतम व अधिकतम तापमान क्रमश: सामान्य से दो डिग्री कम व अधिक रहे। उन्होंने बताया कि पुन: सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के कारण सात व आठ जनवरी को अधिकांश हिस्सों में बादल व बारिश का अनुमान है।
यह है पूर्वानुमान
भारतीय कृषि प्रणाली अनुसंधान संस्थान मोदीपुरम के मौसम विज्ञानी डा. एन. सुभाष ने बताया कि सात जनवरी को हल्की बारिश हो सकती है। आठ व नौ जनवरी को क्रमश: 13.5 व 42.6 एमएम बारिश होने की संभावना है। न्यूनतम तापमान 9 से दस डिग्री व अधिकतम तापमान 20 डिग्री के आसपास रहेगा।
बारिश से खेतों में भरा पानी, चीनी मिलों ने घटाया गन्ना इंडेंट
बारिश के चलते खेतों में गन्ने की छिलाई प्रभावित हो गई है। इसके चलते चीनी मिलों ने गन्ना इंडेंट कम कर दिया है। क्रय केंद्रों से गन्ना उठान बाधित हुआ है। खेतों में बारिश का पानी भरे होने के कारण गन्ने की छिलाई में किसानों को परेशानी हो रही है। ठंड में बारिश से एकतरफ जहां गेहूं की फसल को फायदा होगा, वहीं गन्ने पर इसका विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। गुरुवार व शुक्रवार को गन्ना इंडेंट में 10 से 20 प्रतिशत कटौती की गई है। मौसम साफ होने के बाद ही इंडेंट को सामान्य किया जाएगा।