बेमौसम बारिश को रहिए तैयार, शिमला और नैनीताल से ठंडा रहा मेरठ
Meerut Weather Update मेरठ में पांच से नौ जनवरी तक बन रहीं बारिश की स्थितियां। चार जनवरी से उच्च क्षमता का एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा। मंगलवार की सुबह कुछ स्थानों पर घने कोहरे के कारण लोगों को परेशानी हुई।
मेरठ, जागरण संवाददाता। Meerut Weather Update बेमौसम बारिश के लिए जनपद वासियों को तैयार रहने का संदेश मौसम विभाग ने जारी किया है। मेरठ और मुजफ्फरनगर में वर्तमान में खासी ठंड पड़ रही है। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान इन दोनों जनपदों का दर्ज किया गया है। ऐसे में ठंड के साथ बारिश का गठजोड़ मौसम का मिजाज बिगाड़ सकता है। मेरठ में पांच और सात जनवरी को बारिश के एक या दो अंतराल देखने को मिल सकते हैं। बारिश की संभावना यहीं समाप्त नहीं होगी, मौसम विज्ञानियों के अनुसार आठ और नौ जनवरी को भी बारिश की संभावना है। वहीं मंगलवार की सुबह भी कड़ाके की ठंड से सामना हुआ। कुछ जगहों पर कोहरा भी देखने को मिला।
बारिश की यह गतिविधियां एनसीआर में देखने को मिलेंगी
दिल्ली में पांच से नौ जनवरी तक बारिश का दौर चलेगा। इसमें पांच, छह और सात को गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और आठ को मध्यम बारिश होने की उम्मीद है। कृषि प्रणाली संस्थान के प्रधान मौसम विज्ञानी डा. एन सुभाष ने बताया कि चार जनवरी से उच्च क्षमता का एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसके प्रभाव से पहाड़ों पर बर्फबारी और बारिश भी देखने को मिलेगी।
मेरठ-मुजफ्फरनगर प्रदेश में सबसे ठंडे
जनपद में पिछले कई दिनों से दिन में निकल रही धूप लोगों को राहत का अहसास करा रही है। रात में ठंड का जोर बना हुआ है। सोमवार को मेरठ का न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 4.9 डिग्री रहा। वहीं, मुजफ्फरनगर में हाड़ कंपाने वाली ठंड रही। वहां पर तापमान 3.2 डिग्री दर्ज किया गया। यह तापमान नैनीताल, देहरादून और शिमला जैसे हिल स्टेशनों से कम है। प्रदेश में सबसे ठंडा मुजफ्फरनगर रहा, उसके बाद मेरठ का नंबर था। दिल्ली में सोमवार को न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री रहा।
तीन जनवरी को शहरों का न्यूनतम तापमान डिग्री सेल्सियस में
मुजफ्फरनगर - 3.2
मेरठ - 4.9
देहरादून 5.9
बिजनौर - 6.0
शिमला 6.1
नैनीताल 6.5