Meerut Weather Forecast: शीत लहर से अभी नहीं मिलेगी राहत, साथ ही सता रहा कोहरे का पहरा
Meerut Weather पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में इनदिनों भीषण ठंड पड़ रही है। मौसम विज्ञानियों की मानें तो अभी इस ठंड से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। हालांकि दिन में समय कुछ समय के लिए धूप कुछ राहत जरूर देगी। बारिश के आसार नहीं हैं।
मेरठ, जेएनएन। Meerut Weather Forecast मेरठ और आसपास के जिलों को अभी कुछ और समय शीत लहर से राहत नहीं मिलने वाली है। पूरा वेस्ट यूपी भीषण ठंड की चपेट में है। शुक्रवार की तरह शनिवार की सुबह भी घने कोहरे के साथ ही शुरुआत हुई। कोहरे के कारण हादसे भी लगातार बढ़ रहे हैं। शुक्रवार को हालांकि दिन में धूप ने राहत दी थी, आज शनिवार को भी दिन में सूरज के निकलने राहत की उम्मीद है। शनिवार को न्यूनतम पारा 8 डिग्री और अधिकतम पारा 17 डिग्री तक रहने की संभावना है।
मौसम विभाग की माने तो अगले एक से दो दिन तक इसी तरह का मौसम बना रहेगा। दिल्ली, यूपी, बिहार, पंजाब हरियाणा आदि स्थानों में इन दिनों भीषण ठंड पड़ रही है। आईएमडी के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा कि पश्चिमी हिमालय से आने वाली ठंडी और शुष्क उत्तरी-उत्तर पश्चिमी हवाओं से कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। फिर हवा की दिशा बदलकर उत्तर-पूर्व की ओर हो गई।
पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी
पहाड़ों पर बर्फबारी के चलते मैदानी इलाकों में भी ठंड से राहत की उम्मीद नहीं है। जनवरी में सर्दी का सितम बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को बुधवार की अपेक्षा एक डिग्री तापमान और कम हो गया। दोपहर 12 बजे तक कोहरे और ठंड के कारण जनजीवन अस्त व्यस्त रहा। ठंड से बचने के लिए लोग अलाव जलाकर हाथ सेंकते नजर आए। मकर संक्रांति पर श्रद्धालुओं का स्नान करना भी मुश्किलों भरा रहा। कड़ाके की ठंड ने उत्तर प्रदेश के पूर्वी और मध्य जिलों को चपेट में ले लिया है।
भारतीय कृषि अनुसंधान प्रणाली संस्थान मोदीपुरम के मौसम विज्ञानी एन. सुभाष ने बताया कि गुरुवार को अधिकतम तापमान 14.6 डिग्री दर्ज हुआ। उन्होंने कहा कि अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान 6 से 7 और अधिकतम तापमान 15 से 27 डिग्री के बीच रहने के आसार हैं। साथ ही कोहरा भी बने रहने की आशंका है। उधर, शीतलहर को देखते हुए मौसम विभाग ने मेरठ समेत सूबे के सात शहरों में अलर्ट जारी किया है।