Meerut Weather: ठंड से अभी राहत मिलने के आसार नहीं, सात डिग्री से कम रहेगा मेरठ का पारा
Meerut Weather forecast सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय की ग्रामीण कृषि सेवा के बुलेटिन के अनुसार आज दिन का तापमान 20 डिग्री से कम रहेगा। न्यूनतम तापमान पांच और सात डिग्री के बीच रहने की संभावना है।
मेरठ, जेएनएन। ठंड से 17 जनवरी तक राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है। सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय की ग्रामीण कृषि सेवा के बुलेटिन के अनुसार दिन का तापमान 20 डिग्री से कम रहेगा। न्यूनतम तापमान पांच और सात डिग्री के बीच रहने की संभावना है। बारिश की संभावना नहीं है।
बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य से आठ डिग्री कम रहा। पर्यटन के लिहाज से देश के प्रमुख हिल स्टेशन मनाली को मेरठ के दिन का तापमान टक्कर देता नजर आया। बर्फीली हवा के चलते बाइक सवारों की शामत बन आई। हवा के थपेड़े गर्म कपड़ों को भेद कर शरीर को कंपाते रहे। ठंड के प्रकोप के चलते सड़कों पर जल्द सन्नाटा छा गया।
बुधवार की रात भी कड़ाके की ठंड रही। आद्र्रता का प्रतिशत अधिक होने से ओस की बूंदें देर रात टपकती रही। सामान्य से एक डिग्री कम तापमान 6.1 आंका गया। माता वैष्णोदेवी के दरबार से भी ज्यादा भीषण ठंड का सामना मेरठवासी कर रहे हैं। जम्मू माता वैष्णोदेवी के दरबार में अधिकतम तापमान 14.6 और न्यूनतम तापमान 6.4 रहा। मेरठ में रातें भी मसूरी और नैनीताल की तरह सर्द हो रही हैं।
ऐसे में गर्म कपड़ों की डिमांड बढ़ गई है। सोमवार को आबूलेन और सेंट्रल मार्केट बंद रहे, लेकिन स्वेटर, जैकेट और ऊनी टोपी आदि की दुकानें खुली रहीं। खरीदारों की भीड़ लगी रही। घरों में हीटर और ब्लोअरों का उपयोग बढ़ गया है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार शुष्क बर्फीली हवा का कहर जारी रहेगा।