Meerut Weather Forecast: आज भी हो सकती है बूंदाबांदी, बदलते मौसम में बरतें ये सावधानियां
आज भी मेरठ और आसपास के जिलों में बारिश होने की संभावना है। मेरठ में दिन की शुरुआत कोहरे के साथ हुई। रविवार की शाम अचानक से मौसम बदल गया था बादल आए और बूंदाबांदी हुई। बारिश के साथ ही ठंड और बढ़ गई है।
मेरठ, जेएनएन। Meerut Weather Forecast आज सोमवार को भी मेरठ और आसपास के जिलों में बारिश होने की संभावना है। मेरठ में दिन की शुरुआत कोहरे के साथ हुई। रविवार की शाम अचानक से मौसम बदल गया था, बादल आए और बूंदाबांदी हुई। बूंदाबांदी से मौसम ठंडा हो गया है। इसमें मौसमी बीमारी पैर पसार सकती हैं। इसलिए सावधानी बरतनी जरुरी है। बुलंदशहर के सीएमओ डा. भवतोष शंखधर ने बताया कि नवंबर आधा बीत चुका है। तापमान में गिरावट आ गई है। बूंदाबांदी से मौसम अचानक से बदला है। सर्दी को हल्के में ना लें। फुल बाजू के कपड़े पहनें। गर्म कपड़े निकाल लें। गुनगना पानी पीएं। ठंडी चीजों का सेवन ना करें। कोई भी दिक्कत महसूस होने पर चिकित्सक को दिखाएं।
पश्चिम विक्षोभ के चलते बारिश
मानसून सीजन के बाद पश्चिम विक्षोभ के चलते पहली बारिश मेरठ में हुई। रिमझिम बारिश के तुरंत बाद ही पारा लुढ़क गया। दीपावली के दूसरे दिन बादलों की गरज के साथ हुई बारिश से प्रदूषण भी कुछ हद तक कम हो गया। मौसम विभाग ने 19 नवंबर को कोहरा पडऩे की संभावना जताई है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पश्चिम विक्षोभ के चलते पंजाब और हरियाणा के पास एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र विकसित हुआ है जिसके कारण शाम चार बजे के बाद आसमान में बादल छा गए। पांच बजे के बाद बारिश हुई। आगामी दिनों प्रदूषण और बढ़ेगा चूंकि रात का तापमान गिरने से कोहरे और धुंध का फार्मेशन होगा। जिससे प्रदूषण बढ़ेगा। सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय के मौसम केंद्र के प्रभारी डा. यूपी शाही ने बताया कि प्रदूषण दो कारणों से कम होता है पहला बारिश दूसरी तेज हवा। तेज हवा अगले 48 घंटों में चलने की उम्मीद नहीं है और बारिश की गतिविधि अब थम जाएंगी।
बढ़ेगी ठंड
पश्चिम विक्षोभ के चलते पर्वतीय इलाकों में बारिश और बर्फ बारी की घटनाएं हुई हैं। इस मौसमीय घटना के प्रभाव से तापमान में तेजी से गिरावट होगी। अभी तक जिन लोगों ने गर्म कपड़े नहीं निकाले उन्होंने भी रविवार की शाम बारिश के बाद रजाई आदि निकाल ली। रविवार को अधिकतम तापमान 27.1 डिग्री था। यह सामान्य से दो डिग्री कम था। आगमी दिनों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के नीचे और अधिकतम तापमान 24 डिग्री तक पहुंचने के आसार हैं।
पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय, आज हो सकती है बूंदाबांदी
मुजफ्फरनगर में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से जनपद में कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी या हल्की बारिश होने की आशंका मौसम वैज्ञानिकों ने जताई है। मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है जिसके चलते मौसम में बदलाव होने की संभावना बनी र्हुई है। रविवार की रात तथा सोमवार को जनपद में कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी या हल्की बारिश होने तथा ठंडी हवा चलने की संभावना है। इसके बाद मौसम साफ रहेगा। हल्की ठंड बढ़ेगी।
बागपत में मौसम का मिजाज बदला
बागपत में सोमवार को भी मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ सकता है। रविवार को दोपहर के बाद मौसम को मिजाज बदल गया था, देखते ही देखते आकाश में बादल छा गए और बूंदाबंदी होने लगी। कुछ पल की बूंदाबांदी से ठंड में बढोत्तरी हो गई। लोगों को डर है कि कहीं मूसलाधार बारिश हो गई तो ठंड बढऩे के साथ कोरोना काल में मौसमी बीमारियां पैर पसारने से जाने पर बन आएगी। किसान चितिंत है कि यदि तेज बारिश हो गई तो गन्ना कटाई का काम थम जाएगा।