Meerut Weather Forecast: रातें सर्द और दिन में गुलाबी ठंड, जानें-कैसा रहेगा मौसम का हाल
Meerut Weather दिसंबर का महीना शुरू हो चुका है। आने वाले समय में ठंड और बढ़ेगी। मंगलवार के बाद बुधवार को मेरठ और आसपास के जिलों में सुबह की शुरुआत कोहरे के साथ हुई। दिन में धूप निकलने से मौसम सुहावना रहेगा।
मेरठ, जेएनएन। Meerut Weather Forecast मेरठ में बुधवार को सुबह की शुरुआत ठंडी हवाओं और कोहरे के साथ ही हुई। सुबह का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री रहा जबकि दिन का अधिकतम तापमान 25 डिग्री तक जा सकता है। आसमान साफ रहेगा और तेज धूप भी निकलेगी। आसपास के जिलों में भी ठंड का पूरा असर दिख रहा है। कुछ स्थानों पर कोहरा भी देखा गया। मौसम विभाग के अनुसार दिसंबर के पहले हफ्ते के बाद तापमान के और गिरने के आसार हैं। सुबह की शुरुआत भले कोहरे के साथ हुई लेकिन दिन में आसमान साफ रहेगा और धूप भी खिलेगी। बीते कुछ दिनों से मेरठ में दिन चटक धूप खिल रही है। जिससे दिन में गुलाबी सर्दी का आनंद लोग ले रहे हैं। ऐसे मौसम में स्वास्थ का ध्यान रखना भी जरूरी है।
रातें सर्द और दिन में गुलाबी ठंड
मेरठ में रातें सर्द और दिन में गुलाबी ठंड का मौसम बना हुआ है। सोमवार की रात न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री रहा था, यह सामान्य से 2 डिग्री कम रहा। महत्वपूर्ण बात यह है कि पर्वतीय स्थानों जैसा मसूरी मे न्यूनतम तापमान 9.6 और शिमला में न्यूनतम तापमान 10.3 दर्ज किया गया। मेरठ की रात इन दोनों जनपदों के मुकाबले ज्यादा ठिठुरन वाली रही। यह लगातार तीसरा दिन है जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से कम आंका गया। हालांकि दिन में तापमान 25 डिग्री से अधिक बना हुआ है। बुधवार को दिन में धूप खिली रहेगी। मौसम वैज्ञानिकों ने आने वाले दिनों में मौसम का यही रुख रहने की संभावना जताई है। कृषि विवि के मौसम केंद्र के प्रभारी डा.यूपी शाही ने बताया कि मौसम चूंकि सूखा है इसलिए फसलों में सुबह और शाम को सिंचाई करना जरूरी है। बीते दिनों पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में देखने को मिल रहा था।