Meerut Weather Forecast: दिल्ली का स्माग भी बनेगा मुसीबत, सुबह की शुरुआत कोहरे के साथ
बढ़ती ठंड के साथ मेरठ की मुसीबत में इजाफा नजर आ रहा है। दिल्ली और आसपास के क्षेत्र में स्माग की दस्तक ने मेरठ और आसपास के जिलों की धड़कनें बढ़ा दी हैं। इन क्षेत्रों में स्माग नजर आने लगा है। इस समय सावधानी बरतनी जरूरी है।
मेरठ, जेएनएन। Meerut Weather Forecast दिल्ली और आसपास के क्षेत्र में स्माग की दस्तक ने मेरठ और आसपास के जिलों की धड़कनें बढ़ा दी हैं। इन क्षेत्रों में स्माग नजर आने लगा है। प्रदूषण के चलते हालात अभी और खराब होते नजर आ सकते हैं। गुरुवार को सुबह की शुरुआत कोहरे और ठंड के साथ हुई। सुबह और शाम के मौसम के ठंड में तेजी है। वर्तमान में मौसम का रंग पूरी तरह से जुदा दिखाई दे रहा है। नवंबर की शुरुआत ऐसी ही हुई है। गुरुवार को भी सुबह की शुरुआत तेज ठंड के साथ हुई। दिन में धूप निकलने से गर्मी का अहसास हुआ। हालांकि कुछ स्थानों पर कोहरा भी देखा जा रहा है। बात करें अक्टूबर की तो ऐसा अहसास हुआ कि मानो शाम और रात तो सर्दी की राह पर निकल गई हों लेकिन दोपहर में अभी गरमाहट घुली हुई है। दिन में धूप में तीखापन जारी है। दोनों के बीच रस्साकशी जारी है और इसका शिकार बेचारे जनपद वासी हो रहे हैं जो मौसम के उलटफेर के चलते बीमार पड़ रहे हैं। चिकित्सकों के अनुसार एक दिन में तापमान में 15 से 16 डिग्री का अंतर स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रहा है।
तापमान में लगातार गिरावट
मेरठ जनपद के तापमान में बीते सोमवार को खासी गिरावट दर्ज की गई। दिल्ली ठंड के मामले में शिमला की तरह हो गया है। दिल्ली में न्यूनतम तापमान 10.8 पहुंच जाने से मानो ठंड ने अपने तेवरों का आगाज कर दिया है। मेरठ में अधिकतम तापमान लगातार दूसरे दिन 30 डिग्री से नीचे रहा और 27.6 डिग्री तक पहुंच गया। यह सामान्य से तीन डिग्री कम था। वहीं न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री रहा। यह सामान्य से एक डिग्री कम था। अधिकतम तापमान में अचानक इतनी गिरावट की पूर्वानुमान मौसम विशेषज्ञों को भी नहीं था। आठ नवंबर तक मौसम विभाग ने अधिकतम तापमान 30 डिग्री रहने का पूर्वानुमान जताया है। वहीं दिल्ली में मौसम का अंदाज मेरठ से जुदा है। यहां पर ठंड ने दस्तक दे दी है। पहली नवंबर की रात ही पारा 10.8 डिग्री पहुंच गया। यह सामान्य से चार डिग्री कम है। वहां पर अधिकतम तापमान 30 डिग्री रहा। यह मेरठ से अधिक था। वहीं सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय के मौसम केंद्र के प्रभारी डा. यूपी शाही ने बताया कि आने वाले दिनों में दिन और रात के तापमान में गिरावट होगी।
ऐसे में अपने स्वास्थ्य का रखें ध्यान
वरिष्ठ फिजीशियन डा. वीरोत्तम तोमर ने बताया कि मौसम का इस तरह का ट्रेंड स्वास्थ्य के लिहाज से धोखा देने वाला होता है। लोग एहतियात नहीं बरतते जिससे वायरल संक्रमण और निमोनिया का शिकार हो रहे हैं। कोरोना, पराली का प्रदूषण के बीच तामपान के उतारचढ़ाव के चलते हो रहा वायरल घातक है। इस समय अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत है। सुबह और शाम गर्म कपड़े पहने। दिन में एक बार भाप लें और गर्म का पानी के गरारे करें। वायरल से बचने के लिए फ्लू वैक्सीन (सीजनल और स्वाइन फ्लू से बचाव के लिए) लगवानी चाहिए।