Meerut Weather: मेरठ के मौसम में बदलाव, कोहरे और शीतलहर का प्रकोप, बाद में हल्की धूप ने दी राहत
Meerut Weather मेरठ में गुरुवार को जहां मौसम साफ था वहीं शुक्रवार को सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग ने दृश्यता सुबह 730 बजे 20 मीटर से कम दर्ज की। आद्रता का प्रतिशत 100 रहा। बाद में हल्की धूप निकलने से कुछ राहत मिली।
मेरठ, जेएनएन। कोहरे और शीतलहर का प्रकोप मेरठ जनपद पर छाया है। शुक्रवार की सुबह मौसम ने अचानक करवट ली है। एनसीआर और पश्चिम उत्तर प्रदेश में मौसम बदल गया है। गुरुवार को जहां मौसम साफ था वहीं शुक्रवार को सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग ने दृश्यता सुबह 7:30 बजे 20 मीटर से कम दर्ज की। आद्रता का प्रतिशत 100 रहा। वातावरण में नमी उच्चतम स्तर पर होने और पारा लुढ़कने के कारण अधिक ऊंचाई वाले बादलों का निर्माण हो गया। न्यूनतम तापमान जहां 7 डिग्री दर्ज किया गया।
हो सकती है बूंदाबांदी
दिल्ली में ठंड के तेवर और तीखे रहे वहां न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री दर्ज किया गया। मुजफ्फरनगर में 6.8 रहा। मेरठ में बर्फीली हवाओं और धूप न निकलने के कारण सुबह 11:30 बजे तक तापमान 10.6 डिग्री तक ही चढ़ सका। 12:30 बजे तक सूर्यदेव की किरणों ने धरती पर पैर नहीं पसारे। वहीं शहर वासी गर्म कपड़ों से लैस होने के बाद भी ठिठुरते नजर आए। आगामी 24 घंटों में मौसम विशेषज्ञों ने एनसीआर और पश्चिम उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं बूंदाबांदी और गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने की आशंका जताई है। जम्मू कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में बारिश और हिमपात की आशंका है।