मेरठ : NH58 पर तीस किमी तक सड़क को किया जा रहा दुरुस्त, जाम से मिल सकेगा छुटकारा
मोदीपुरम की ओर जाने वाले लोगों को जल्द जाम से निजात मिलेगी। हाईवे-58 पर एनएचएआइ के द्वारा परतापुर तिराहे से मुजफ्फरनगर के रामपुर तिराहे तक विभिन्न प्रकार के निर्माण कार्य जैसे-फ्लाईओवर अंडरपास फ्लाईओवर आदि प्रकार के कार्य चल रहे हैं।
मेरठ, जेएनएन। मेरठ के मोदीपुरम में नेशनल हाईवे-58 पर कंकरखेड़ा से दौराला और सकौती तक पेच वर्क का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। जहां भी कम गहरे गड्ढे और सड़क में दरारें हैं, उन्हें ठीक किया जा रहा है। जिस का कारण हाईवे पर जगह-जगह दिन भर जाम के हालात बनते हैं।
यहां पर चल रहा काम
हाईवे-58 पर एनएचएआइ के द्वारा परतापुर तिराहे से मुजफ्फरनगर के रामपुर तिराहे तक विभिन्न प्रकार के निर्माण कार्य जैसे-फ्लाईओवर, अंडरपास फ्लाईओवर, फुट ओवर ब्रिज, सर्विस रोड, नाला आदि प्रकार के कार्य चल रहे हैं। जिनमें कंकरखेड़ा के खिर्वा कट पर अंडरपास फ्लाईओवर, पल्लवपुरम के पल्हैड़ा में फ्लाईओवर और सकौती के पास दादरी में अंडरपास फ्लाईओवर का निर्माण तेजी से चल रहा है। इनके अलावा हाईवे पर जगह-जगह करीब 30 किमी के दायरे में पेच वर्क का भी कार्य किया जा रहा है। पेंच वर्क के अलावा डिवाइडर और सड़क किनारे नाले की दीवार पर भी सौंदर्यीकरण को लेकर रंगाई-पुताई का कार्य हो रहा है।
खराब स्ट्रीट लाइटों को हटाकर नई लगाई जा रही
टोल प्लाजा के मैनेजर पंकज सिंह का कहना है कि हाईवे पर सौंदर्यीकरण के अलावा पेंचवर्क का कार्य भी चल रहा है। जल्द ही हाईवे नए कलेवर में दिखाई देगा। सभी निर्माणधीन फ्लाईओवर का कार्य पूरा होने के बाद हाईवे पर राहगीरों को सुहाना सफर के साथ जाम से निजात मिल जाएगी।