स्पेशल ट्रेन से घर जाने के लिए सुबह से ही मेरठ स्टेशन पर प्रवासी कामगारों का जमावड़ा, चार बजे हुई रवाना
आंखों में उम्मीद की लौ लिए सैंकड़ों की संख्या में कामगार अपने परिवारों के साथ सवेरे से ही स्टेशन पर डेरा जमाए हुए हैं।
मेरठ, जेएनएन। इंतजार की घडि़यां बस अब खत्म होने ही थी, आज शाम चार बजे श्रमिक स्पेशल ट्रेन बिहार के अररिया के लिए रवाना होगी। लेकिन अब सब्र कहां, सिटी स्टेशन पर सुबह से ही प्रवासी कामगारों का जमावड़ा लग गया था। आंखों में उम्मीद की लौ लिए सैंकड़ों की संख्या में कामगार अपने परिवारों के साथ सवेरे से ही स्टेशन पर डेरा जमाए थे। हालांकि संख्या ज्यादा होने के कारण शारीरिक दूरी के नियमों को भी नहीं हो पाया। चिकित्सकों की टीम इन कामगारों की जांच के लिए स्टेशन पर पहुंची। वरिष्ठ अफसरों ने स्टेशन का मुआयना किया। बहुत से कामगारों के पास रजिस्ट्रेशन के बाद भी कोई एसएमएस नहीं पहुंचा।
आज सात जिलों के लोगों को लेकर ट्रेन जाएगी। बस, अब सभी चार बजने का इंतजार था। एडीएम सिटी और एसपी सिटी भी स्टेशन पर पहुंचे और वहां पर सारी व्यवस्थाओं को बारिकी से जांचा और परखा। मीडिया से बातचीत में दोनों अधिकारियों ने कहा कि सभी प्रवासी कामगारों को शांतिपूर्ण ढंग से यहां से बिहार के लिए रवाना किया जाएगा। सभी लोग स्टेशन पर संयम बरत रहे हैं। कल भी एक ट्रेन रवाना की जाएगी।
सोमवार को ट्रेन की तैयारियों को लेकर रविवार को रेलवे और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच मंत्रणा हुई। प्रशासन का दावा है कि 22 कोच में 1600 यात्री जाएंगे। पंजीकरण कराने वाले यात्रियों को सुबह नौ से 10 बजे के बीच सिटी रेलवे स्टेशन पर पहुंचने होगा। शाम को छह बजे जम्मू तवी जाने वाली मुरादाबाद से आ रही ट्रेन में मेरठ से 364 प्रवासी श्रमिकों को रवाना किया जाएगा। हालांकि सिटी स्टेशन को अभी तक इस आशय का कोई मैसेज नहीं मिला था।
अररिया जाने के लिए मेरठ सिटी स्टेशन पर गोरखपुर से 22 कोचों की ट्रेन रविवार को ही आ गई थी। इसके बाद ट्रेन को सैनिटाइज किया गया। एडीएम वित्त सुभाष चंद शर्मा और नोडल अधिकारी प्रवीणा अग्रवाल ने सिटी स्टेशन पहुंच कर यात्रियों के आगमन और उन्हें ट्रेन में बैठाने की व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान बंद पड़े स्टेशन के माइक आदि की जांच की गई। इसके बाद पहुंचे जिलाधिकारी अनिल ढींगरा ने योजना को अंतिम रूप दिया। उन्होंने कहा कि यात्रियों को फोन और मैसेज द्वारा स्टेशन पहुंचने की सूचना दी जाएगी। सोमवार को पूर्ण लॉकडाउन रहेगा लेकिन प्रवासी श्रमिकों को रोका नहीं जाएगा। स्टेशन अधीक्षक आरपी शर्मा ने बताया कि ट्रेन को प्लेटफार्म नंबर एक पर 12 बजे खड़ा करा दिया जाएगा।
डीएम ने स्टेशन अधीक्षक को ट्रेन को शाम चार बजे के स्थान पर दोपहर 2 से 2.5 बजे रवाना करने पर विचार करने के लिए कहा, ताकि जम्मू तवी जाने वाले यात्रियों के जाने के लिए व्यवस्था बनाने के लिए पर्याप्त समय मिल जाए। किसी तरह की अफरातफरी की संभावना न रहे। स्टेशन अधीक्षक ने अफसरों से वार्ता करने के बाद निर्णय लिए जाने की बात कही। सफाई निरीक्षक बिलेंद्र, इस दौरान नगर निगम, आरपीएफ जीआरपी के अधिकारी मौजूद रहे।