Meerut Nagar Nigam: अब निगम में किस दिन किस शिकायत को सुनेंगे अफसर, पढ़िए- नगर आयुक्त की नई व्यवस्था
Meerut Nagar Nigam मेरठवासियों को अपनी समस्याओं का समाधान मिल सके इसके लिए नगर आयुक्त मनीष बंसल ने नई व्यवस्था के तहत अफसरों को दिनों के अनुसार काम बांट दिया है। किस समस्या पर कौन अधिकारी सुनवाई करेगा यह तय किया है।
मेरठ, जागरण संवाददाता। Meerut Nagar Nigam मेरठ शहर में तमाम समस्याएं हैं जिसको लेकर लोग परेशान हैं। नगर निगम में जाने पर भी एक अनुभाग से लेकर दूसरे अनुभाग में चक्कर काटना पड़ता है। गृह कर हो जलकर हो या किसी अन्य तरह का कर हो उसका भी उससे संबंधित शिकायतों की सुनवाई भी नहीं हो पा रही है। किसी का बिल ज्यादा आ रहा है तो किसी के बिल में अपडेट की समस्या है।
यह है व्यवस्था
कहीं स्ट्रीट लाइट खराब है तो कहीं नाली और गली की सड़क। इसीलिए नगर आयुक्त मनीष बंसल ले अलग-अलग दिन के लिए अधिकारी नामित किए हैं। सोमवार से लेकर शनिवार तक सुनवाई का एक-एक दिन अलग-अलग समस्याओं के लिए रखा गया है।
जानिए किस समस्या की सुनवाई होगी और कौन अधिकारी करेगा सुनवाई
सोमवार : इस दिन जलकल एवं निर्माण विभाग के अधिकारी समस्या सुनेंगे। इसमें महाप्रबंधक जलकल मौजूद रहेंगे उनके साथ उनके सहायक अभियंता भी रहेंगे। निर्माण अनुभाग से अधिशासी अभियंता अपने सहायक अभियंता और अवर अभियंताओं के साथ मौजूद रहेंगे।
मंगलवार : स्वास्थ्य विभाग और निर्माण अनुभाग की शिकायतें सुनी जाएंगी। इस दिन नगर स्वास्थ्य अधिकारी और मुख्य अभियंता शिकायतें सुनेंगे।
बुधवार : इस दिन गृह कर अनुभाग की शिकायतें सुनी जाएंगी। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी समस्याएं सुनेंगे।
बृहस्पतिवार : इस दिन निर्माण अनुभाग से लेकर अन्य सभी विभागों की समस्याएं सुनी जाएंगी। समस्या सुनने के लिए सहायक नगर आयुक्त बृजपाल सिंह एवं अधिशासी अभियंता मौजूद रहेंगे।
शुक्रवार : इस दिन सभी विभागों से लेकर के गृह कर की शिकायत सुनी जाएगी। अपर नगर आयुक्त मुख्य रूप से मौजूद रहेंगे। उनके साथ कर निर्धारण अधिकारी एवं कर अनुभाग से संबंधित अधिकारी मौजूद रहेंगे।
शनिवार : इस दिन मार्ग प्रकाश की शिकायत पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही अन्य शिकायतें भी सुनी जाएंगी। इसके लिए सहायक नगर आयुक्त इंद्र विजय मौजूद रहेंगे। साथ ही मार्ग प्रकाश से संबंधित अन्य अधिकारी कर्मचारी भी मौजूद रहेंगे।
शिकायतों का यह होगा समय शिकायत की सुनवाई के लिए
नगर आयुक्त मनीष बंसल ने सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक का समय निर्धारित किया है।