Meerut Metro Project: रैपिड के बाद अब आ गई मेरठ मेट्रो, 12 स्टेशनों पर रुकेगी; 80 किमी की रफ्तार से चलेगी
अभी तक आप रैपिड रेल की ही बात सुनते आ रहे हैं पर बहुत कम लोगों को याद रह गया होगा कि मेरठ में मेट्रो भी चलेगी। मेरठ भले ही रैपिड रेल के ही ट्रैक पर चलेगी। संचालन भी राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम करेगा।
मेरठ, जेएनएन। Delhi-Meerut Raipid Rail and Meerut Metro Update News: अभी तक आप रैपिड रेल की ही बात सुनते आ रहे हैं पर बहुत कम लोगों को याद रह गया होगा कि मेरठ में मेट्रो भी चलेगी। मेरठ भले ही रैपिड रेल के ही ट्रैक पर चलेगी। संचालन भी राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम करेगा पर इसकी बात इसलिए अलग से करना जरूरी है क्योंकि शहर के अंदर यातायात सुगम करने के लिए मेट्रो ही हमसफर बनेगी।
मेरठ मेट्रो शहर के 12 स्टेशनों पर रुकेगी। इसकी गति दिल्ली व लखनऊ की तरह 35 से 80 किमी प्रति घंटे रहेगी। 35 किमी प्रति घंटे औसत गति है जो स्टेशनों के आसपास होती है और 80 किमी प्रति घंटे की गति वह होगी जब ट्रेन रफ्तार पकड़ेगी। अभी इसकी डिजाइन नहीं आई है हालांकि यह भी लगभग रैपिड रेल की तरह दिखेगी। इसमें सिर्फ तीन डिब्बे होंगे। इसके डिब्बों के अंदर की स्थिति रैपिड रेल के डिब्बों की तरह नहीं बल्कि दिल्ली मेट्रो की तरह रहेगी। यह भी रैपिड रेल के साथ ही 2025 में उसी कारिडोर पर चलने लगेगी।
ये हैं मेरठ के 12 स्टेशन\
मेरठ साउथ (भूड़बराल)
परतापुर
रिठानी
शताब्दीनगर (दैनिक जागरण चौराहा)
ब्रह्मपुरी ट्रांसपोर्ट नगर
मेरठ सेंट्रल (एचआरएस चौक)
भैंसाली
बेगमपुल
एमईएस
डोरली
मेरठ नार्थ
मोदीपुरम
रैपिड रेल शहर में सिर्फ चार स्टेशनों पर रुकेगी
रैपिड रेल की रफ्तार मेट्रो से तीन गुना ज्यादा होगी। इसलिए उसे हर स्टेशन पर रोका नहीं जा सकता। रैपिड रेल का मकसद शहर से शहर को जोडऩा है न कि शहर के अंदर के बाजारों को। दिल्ली व गाजियाबाद जाने वाले वालों के लिए रैपिड रेल मुफीद रहेगी। यह मोदीपुरम, बेगमपुल, शताब्दीनगर व मेरठ साउथ स्टेशन पर ही रुकेगी। हालांकि इन चार स्टेशनों पर मेरठ की मेट्रो भी रुकेगी।
दिल्ली, गाजियाबाद नहीं जाएगी मेरठ मेट्रो
मेरठ मेट्रो का संचालन सिर्फ मेरठ साउथ स्टेशन से मोदीपुरम तक होगा। यह गाजियाबाद या दिल्ली नहीं जाएगी। जिस तरह से दिल्ली मेट्रो का विस्तार गाजियाबाद व नोएडा तक हुआ है, यह मेट्रो उस तरह की नहीं है।