मेरठ : घने कोहरे और शीतलहर के चलते जनजीवन प्रभावित, हल्की धूप निकलने से मिली राहत
बीते दो तीन दिनों से सुबह से पड़ रहे घने कोहरे के चलते आम जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। दिन में धूप भी नहीं के बराबर ही निकल रही है। पारा गिरने से ठंड में भी इजाफा हुआ है। अभी कुछ दिनों तक मौसम ऐसा ही रहेगा।
मेरठ, जेएनएन। मेरठ और मवाना में सर्द मौसम में पिछले दो दिन से घने कोहरे और शीतलहर के चलते जनजीवन प्रभावित है। शुक्रवार को कोहरे की चादर ने नगर को आगोश में ले लिया। कोहरे के बीच वाहनों की रफ्तार की रफ्तार भी धीमी रही। दिन चढ़ने के बावजूद दोपहर तक भी सूर्य देव के दर्शन नहीं हुए। बाजारों में व्यापारी ग्राहकों की बाट जोहते नजर आए।
हाइवे पर रेंगते नजर आए वाहन
पिछले दो दिन से तापमान लुढ़कने से ठंड बढ़ गई है। ठंड के कारण लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं। शुक्रवार को सुबह से ही घना कोहरा रहा। कोहरे व शीतलहर के कारण आमजनजीवन अस्तव्यस्त रहा। कड़ाके की ठंड के चलते लोग सिकुड़ते रहे। बाजारों में भी कोहरा छाया रहा। लगभग 11 बजे तक ग्राहक नदारद होने से सुभाष बाजार, दयानंद बाजार, सर्राफा बाजार, गुड़मंडी, गोल मार्केट आदि बाजार सूने दिखाई दिये और व्यापारी ग्राहकों की बाट जोहते नजर आए। कोहरे के कारण वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। हाईवे पर वाहन रेंगते नजर आ रहे थे।