Meerut CoronaVirus News: कमरे में आइसोलेट रहेंगे मरीज चलती रहेंगी गतिविधियां, कोरोना के नए खतरे से बचने के लिए ये करें उपाय
कोरोना वायरस एक बार फिर से मेरठ में भी पांव पसार रहा है। ऐसे में फिर से लोगों में घरों में कैद हो जाने का खौफ छाने लगा है। जैसे जैसे मरीजों की संख्या बढ़ रही है प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन भी सख्ती बढ़ाता जा रहा है।
मेरठ, जेएनएन।Meerut CoronaVirus News: कोरोना वायरस एक बार फिर से मेरठ में भी पांव पसार रहा है। ऐसे में फिर से लोगों में घरों में कैद हो जाने का खौफ छाने लगा है। जैसे जैसे मरीजों की संख्या बढ़ रही है प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन भी सख्ती बढ़ाता जा रहा है। लेकिन अभी इलाकों को सील करने जैसे हालात नहीं हैं। कोरोना मरीज मिलने पर उसके घर को ही माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाकर होम आइसोलेशन के नियमों का सख्ती से पालन कराया जा रहा है ताकि कोरोना संक्रमण का फैलाव रुक सके।
कोरोना के नए मरीज मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की सिफारिश पर जिला प्रशासन द्वारा माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाए जा रहे हैं। इसके साथ ही मरीजों और उनके परिजनों के लिए तमाम नियम भी निर्धारित किए गए हैं। जिला प्रशासन का कहना है कि अभी मरीज के मकान को ही माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाया जा रहा है। जिसमें मरीज को होम आइसोलेशन के नियमों में बांधा जा रहा है। मरीज को कोरोना निगेटिव रिपोर्ट आने पर अपने एक कमरे में ही आइसोलेट रहना होगा। उसके परिजनों को भी उससे दूरी बनाकर रहना होगा ताकि उनके माध्यम से संक्रमण का फैलाव न बढ़ सके। उक्त गली, मोहल्ला और क्षेत्र में समस्त गतिविधियां अभी जारी रहेंगी। दुकानें खुली रहेंगी। लोगों के आवागमन पर कोई प्रतिबंध नहीं होगा।
कैलाशपुरी में संक्रमितों के घरों पर निगरानी
अपर नगर मजिस्ट्रेट सिविल लाइन चंद्रेश कुमार सिंह ने बताया कि कैलाशपुरी में कई घरों में संक्रमित मिलने के कारण वहां अतिरिक्त निगरानी कराई जा रही है। इन परिवार के सदस्यों को उनके घरों में ही रहने का निर्देश दिया गया है। जबकि अन्य लोगों की गतिविधियों पर कोई प्रतिबंध नहीं है। स्वास्थ्य विभाग की टीम टेस्टिंग आदि कार्य कर रही हैं। मोहल्ले में दुकानें भी खुली रहेंगी।
ये उपाय ही बचाएंगे कोरोना से
- सैनिटाइजर का प्रयोग करें। साबुन से हाथ जरूर धोएं।
- घर हों या बाहर हर जगह दो गज की दूरी का पालन जरूर करें।
- किसी भी व्यक्ति से हाथ न मिलाएं। भीड़ का हिस्सा न बनें।
- जहां भी जाएं चेहरे पर मास्क जरूर होना चाहिए।
- घर से बाहर जा रहे हैं तो साथ में सैनिटाइजर जरूर रखें।
- अपने हाथ से आंख, नाक और मुंह को छूने से बचें।
- सार्वजनिक स्थानों पर न थूकें, सफाई का ध्यान रखें।
46 फीसद ने लगवाई वैक्सीन
कोरोना से बचाव के लिए गुरुवार को 10300 को टीका लगना था। इसके सापेक्ष 4737 यानी 46 फीसद ने वैक्सीन लगवाई। वहीं, आम लोगों के अलावा स्वास्थ्यकर्मियों व फ्रंटलाइन वर्करों को पहली डोज के साथ-साथ दूसरी डोज दी गई। इन्हें भी अगर मिला दें तो कुल 5403 का टीकाकरण हुआ। सीएमओ डा. अखिलेश ने बताया कि गुरुवार को 68 सरकारी केंद्रों में इतने ही सत्र आयोजित हुए। इनमें 8800 लोगों को कोरोना की वैक्सीन लगनी थी, जिसके सापेक्ष 4432 यानी 50.4 लोगों ने टीका लगवाया। वहीं, 42 निजी केंद्रों में से 19 पर 1500 को वैक्सीन दी जानी थी, यहां पर 305 यानी 17.9 ने वैक्सीन लगवाने पहुंचे। उधर, 50 स्वास्थ्य कर्मियों व 322 फ्रंटलाइन वर्करों को बूस्टर डोज दी गई। पहले हुए टीकाकरण सत्र में छूटे 121 स्वास्थ्य कर्मियों व 173 फ्रंटलाइन वर्करों ने वैक्सीन लगवाई।