Meerut Coronavirus News Update: ठंड के साथ बढ़ रहा है कोरोना, चार संक्रमितों की मौत, 122 नए केस
Meerut Coronavirus News Update शनिवार को मेरठ और आसपास के जिलों में 122 मरीजों में कोरोनावायरस पाया गया है। मेरठ में 5021 सैंपल जांच को भेजे गए। चार की मौत हो गई। सीएमओ डा. राजकुमार ने बताया कि 121 मरीजों को डिस्चार्ज कर दिया गया।
मेरठ, जेएनएन। ठंड के साथ अब कोरोनावायरस ने भी स्पीड पकड़ ली है। ऐसे में बेहद सावधानी बरतने की जरूरत है। शनिवार को मेरठ और आसपास के जिलों में 122 मरीजों में कोरोनावायरस पाया गया है। मेरठ में 5021 सैंपल जांच को भेजे गए। चार की मौत हो गई। सीएमओ डा. राजकुमार ने बताया कि 121 मरीजों को डिस्चार्ज कर दिया गया, वहीं 686 मरीज होम आइसोलेशन में इलाज ले रहे हैं। तीन सप्ताह से मरीजों की संख्या सौ के आसपास बनी हुई है। प्रशासन ने त्योहारी सीजन देखते हुए अलर्ट कर दिया है। प्रदेश सरकार ने जहां जांचों की संख्या बढ़ाने के लिए कहा है, वहीं मौत की दर पर काबू रखने के लिए होम आइसोलेशन के मरीजों की तीन बार निगरानी के निर्देश हैं, लेकिन यहां पर ढील बरती जा रही है। उधर, मेडिकल कालेज के कोविड वार्ड प्रभारी डा. सुधीर राठी ने बताया कि गत चार दिन में मेडिकल में पांच की मौत हुई है। 33 मरीज आइसीयू में भर्ती हैं। नई दवाएं कारगर साबित हुई हैं।
बागपत में 17 नए केस
शासन के आदेश पर चलाए जा रहे 16 दिन के विशेष अभियान के तीसरे दिन मिठाईयों की दुकान पर काम करने वाले कर्मचारी और संचालकों के नमूने लिए गए है। जिले में जहां 17 लोग पॉजिटिव पाए गए है, इनमें सात लोग मिठाई बनाने वाले कर्मचारी शामिल है। सीएमओ डा. आरके टंडन ने बताया कि शनिवार को विशेष अभियान के तहत मिठाईयों की दुकानों से नमूने लिए गए है। एक प्रसिद्ध मिठाई की दुकान से छह लोग पॉजिटिव मिले है। दुकान को 24 घंटे के लिए सील कर दिया गया है। कुल मिलकर जिले में 17 लोग पॉजिटिव आए है। सभी को कोविड-19 अस्पताल अग्रवाल मंडी टटीरी में भर्ती करा दिया गया है। सीएमओ ने कहा कि कोरोना को हराने के लिए चेहरे पर मास्क और दो गज की दूरी का पालन जरूरी है। इस नियम के पालन से कोरोना को हराया जा सकता है।
बिजनौर में 9 नए केस
जिले में कोरोना का संकट समाप्त होने का नाम नहीं ले रहा है। मरीजों के मिलने का क्रम लगातार जारी है। शनिवार को जिले में नौ नये कोरोना पाजिटिव मिले है। अब जिले में मात्र 148 कोरोना पीड़ित शेष है। लोगों की तमाम सावधानी के बावजूद शनिवार को जिले में नौ केस मिले है। अब संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3535 हो गई है। जबकि 24 लोग ठीक होकर घर लौटे है। अब जिले में स्वस्थ होने वाले रोगियों की संख्या बढ़कर 3331 हो गई है। अब तक जिले में 56 लोगों की मौत हो चुकी है। अब जिले में मात्र 148 सक्रिय केस शेष है। अब तक जिले में 179083 सैम्पल लिए जा चुके है। सीएमओ आफिस को प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार अब तक जांच में 178231 लोगों निगेटिव पाये गये। जबकि 852 लोगों की रिपोर्ट आना शेष है। सीएमओ डा. विजय कुमार यादव का कहना है कि त्योहारी दिनों में सावधानी की अधिक आवश्यकता है। अभी भी कुछ लोग लापरवाही बरत रहे है, जो उनके व उनके परिवार के लिए घातक साबित हो सकती है।
बुलंदशहर में 25 नए केस
तमाम प्रयास के बाद भी कोरोना के पाजीटिव केस लगातार सामने आ रहे हैं। शनिवार को जिले में कोरोना के 25 नए मरीज मिले और एक मरीज की मौत हो गई। साथ ही 23 मरीज डिस्चार्ज किए गए। स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक 1850 लोगों की जांच में 25 नए मरीज मिले हैं। अब जिले में संक्रमितों की संख्या 4511 हो गई है। इसमें 4126 मरीज ठीक हो चुके हैं और 312 का इलाज चल रहा है। संक्रमण ने अब तक 73 लोगों की जान ली है। जिला सर्विलांस अधिकारी डा. रोहताश यादव का कहना है कि मरने वाला मरीज पहले से बीमार था। जांच का दायरा बढ़ने के बाद संक्रमितों की संख्या घटी है। जब तक वैक्सीन नहीं आ जाती है। लोगों को बहुत एहतियात बरतने की जरुरत है।
मुजफ्फरनगर में 22 नए कोरोना संक्रमित
शनिवार को जनपद में 22 लोगों में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई। जबकि उपचार करा रहे 39 मरीजों के स्वस्थ्य होने पर उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। स्वास्थ्य विभाग लगातार लोगों को जागरूक कर रहा है। संक्रमण के प्रति लोगों को जागरूक कर बताया जा रहा है कि एक-दूसरे से शारीरिक दूरी बनाएं तथा कम से कम छह फिट का फासला बनाएं रखे। इसके अलावा संक्रमण से बचने के लिए चेहरे पर मास्क लगाना बेहद जरूरी है। हाथों को बार-बार साबुन से धोएं तथा स्वास्थ्य विभाग की गाइडलाइंस का पालन करें। सीएमओ डा. प्रवीण कुमार चोपड़ा ने बताया कि शनिवार को आई रिपोर्ट के अनुसार जनपद के 22 लोगों में कोराेना वायरस की पुष्टि हुई है। बताया कि 39 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ्य हो गए। उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। बताया कि शनिवार को 2104 लोगों का कोरेाना टेस्ट किया गया।
सहारनपुर में 26 नए कोरोना संक्रमित
जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की रफ्तार पर पहले के मुकाबले काफी लगाम है। मगर बीच-बीच में कोरोना मरीजों की संख्या अचानक बढ़ जाती है। शनिवार को एक बार फिर इनकी संख्या में इजाफा हुआ है 26 नये कोरोना संक्रमित मरीज सामने आए हैं। जबकि 23 को स्वस्थ्य होने के बाद छुट्टी दे दी गई। जिले में कोरोना से अब तक 111 लोगों की जान चुकी है जबकि 6641 स्वस्थ हो चुके हैं।जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने बताया कि शनिवार को कोरोना के 26 मरीज सामने आए। इनमें शहरी ग्रामीण क्षेत्र के शामिल हैं। संक्रमितों को कोविड अस्पताल भर्ती किया गया है। जिले में अब एक्टिव केस 1292 हो गई हैं। जनपद में कोरोना संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 7933 हो गया है जबकि इनमें से 6641 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। जिला जेल में उम्र कैद की सजा काट रहे भदोई के पूर्व विधायक उदयभान कोरोना से ठीक होने के बाद वापस जेल में लौट गए हैं। जेल अधीक्षक वीरेश राज शर्मा ने बताया कि पूर्व विधायक को कोविड अस्पताल, ग्लोकल मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया था। 11 दिन पूरे होने के बाद वह ठीक होकर लौट आए हैं।