Meerut Coronavirus News Update: कहर बन टूट रहा कोरोनावायरस, एक ही दिन में 604 पॉजिटिव ,12 की मौत
मेरठ और आसपास के जिलों में कोरोनावायरस जिस रफ्तार से बढ़ रहा है वह हैरान कर देना वाला है। अकेले मेरठ में सोमवार को एक ही दिन में रिकॉर्ड 368 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने से प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग में भी हड़कंप है।
मेरठ, जेएनएन। मेरठ और आसपास के जिलों में कोरोनावायरस और डरावना होता जा रहा है। इसका कहर थमने का नाम नहीं ले रहा। कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या रफ्तार के साथ बढ़ रही है। सोमवार को 12 पीडि़तों ने दम तोड़ दिया, वहीं 604 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। मेरठ के सीएमओ राजकुमार ने बताया कि पांच की मौत से मृतक संख्या 210 हो गई है। 368 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। यह अब तक की एक दिन की सर्वाधिक संख्या है। संक्रमितों की संख्या 7598 तक पहुंच गई है।
यह हैं हालात
सहारनपुर में पांच पीडि़तों की मौत से संख्या 91 हो गई है। 54 नए केस मिलने से संख्या 6460 हो गई है। मुजफ्फरनगर में दो मौत से मृतकों की संख्या 58 हो गई है। 97 संक्रमित मिलने से संख्या 4106 हो गई है। बुलंदशहर में 31 नए केस मिलने से संख्या 3373 हो गई है। बिजनौर में 24 नए केस मिलने से संख्या 2708 हो गई है। शामली में बीस की रिपोर्ट पॉजिटिव आने से संख्या 2149 हो गई है। बागपत में 10 नए केस मिलने से पॉजिटिव संख्या 1231 तक पहुंच गई है।
मेरठ में 368 पॉजिटिव, पांच की मौत
मेरठ में कोरोना मरीजों का आंकड़ा पहली बार तीन सौ पार कर गया। सोमवार को 3391 सैंपल की जांच में दस फीसद से ज्यादा लोगों में वायरस की पुष्टि हुई। 368 मरीज संक्रमित पाए गए हैं। जिले में कुल मरीजों की संख्या साढ़े सात हजार पार कर गई। पांच मरीजों की जान भी चली गई। सीएमओ डा. राजकुमार ने बताया कि संक्रमितों में बड़ी संख्या में सैन्यकर्मी, स्वास्थ्यकर्मी, व्यवसायी और छात्र समेत कई अन्य वर्गों के लोग संक्रमित हुए हैं। एक साल से कम उम्र के दो बच्चे भी पॉजिटिव पाए गए हैं।
536 मरीज होम आइसोलेशन में
सुभारती मेडिकल कालेज में वायरस तेजी से फैल रहा है। दौराला समेत कई शुगर मिलों में कई मरीज मिले हैं। इसकी चेन लंबी हो सकती है। 447 सैंपल की रिपोर्ट पेंडिंग है। सोमवार को 163 मरीजों को ठीक होने के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया। अब तक 5401 मरीज स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। 536 मरीज होम आइसोलेशन में रखे गए हैं। सोमवार को पांच कोविड मरीजों की मौत हुई। मेडिकल कालेज के कोविड वार्ड में डेढ़ सौ से ज्यादा मरीज भर्ती हैं। आक्सीजन पर रखे गए मरीजों की संख्या लगातार 60 से ज्यादा बनी हुई है।
कोरोना पॉजिटिव नर्स कोविड वार्ड से गायब
मेडिकल कालेज के कोविड वार्ड में भर्ती नर्स सोमवार को गुपचुप निकल गई। इसके बाद कैंपस में अफरातफरी मच गई। मरीज की खोजबीन शुरू की गई। उसका नंबर बंद मिला। मेडिकल प्रशासन ने नर्स के गायब होने हो दबाने का प्रयास किया, लेकिन कैंपस में चर्चा हो गई। कोविड वार्ड में डयूटी करने वाले चिकित्सकों ने बताया कि नर्स ने होम आइसोलेशन लिया है। हालांकि भर्ती होने के बाद होम आइसोलेशन नहीं लिया जा सकता। कोविड वार्ड प्रभारी डा. सुधीर राठी ने मामले से अनभिज्ञता जताई। थाना मेडिकल में नर्स के गायब होने को लेकर शिकायत दर्ज कराई गई है। डाक्टरों ने माना कि पॉजिटिव मरीज के खुले में घूमने से बड़ी संख्या में लोग संक्रमित हो सकते हैं।