Meerut Coronavirus News Update: थम नहीं रहा कोरोना का कहर,12 की मौत, 472 नए पॉजिटिव केस
मेरठ और आसपास कोरानावायरस खतरनाक ढंग से हमलावर हो रहा है। सोमवार को 12 पीडि़तों की मौत हो गई। 472 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। डीएम ने सीएमओ से रिपोर्ट तलब की है।
मेरठ, जेएनएन। मेरठ और आसपास के जिलो में कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा। खतरनाक ढंग से यह वायरस हमले कर रहा है। सोमवार को 12 पीडि़तों की मौत हो गई। 472 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। मेरठ के सीएमओ डा. राजकुमार ने बताया कि जिले में पांच मौत होने से मृतक संख्या 170 हो गई है। 126 नए केस मिलने से संक्रमितों की संख्या 6253 हो गई है। रोजाना ही मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के भी हाथ पांव फूल गए हैं।
आसपास का यह हाल
मुजफ्फरनगर में दो की मौत होने से मृतक संख्या 40 हो गई है। 116 की रिपोर्ट पॉजिटिव आने से संख्या 3404 हो गई है। बिजनौर में भी दो पीडि़तों की मौत से संख्या 31 हो गई है। 41 नए केस मिलने से संख्या 2441 हो गई है। बागपत में भी दो की मौत से मृतक संख्या 21 हो गई है। 13 नए केस मिलने से संख्या 1104 हो गई है। सहारनपुर में एक की मौत से संख्या 76 हो गई है। 101 संक्रमित मिलने से संख्या 5836 तक पहुंच गई है। बुलंदशहर में 51 नए केस मिलने से संख्या 2997 हो गई है। शामली में 24 पॉजिटिव मिलने से संक्रमितों की संख्या 1735 हो गई है।
मेरठ में 126 नए मरीज, सात की मौत
जिले में कोरोना से होने वाली मौतों की संख्या बढ़ती जा रही है। सोमवार को 2707 सैंपलों की जांच में 126 में वायरस मिला। इसमें डाक्टर व पैरामेडिकल स्टाफ की संख्या दस से ज्यादा है। खासकर, सुभारती मेडिकल कालेज कैंपस में कोरोना संक्रमण तेजी से फैल रहा है। जिले में कुल 2008 मरीजों की जांच रिपोर्ट प्रतीक्षा में है। कुल संक्रमित मरीजों की संख्या छह हजार से ज्यादा हो चुकी है। सीएमओ डा. राजकुमार ने बताया कि 571 मरीजों को होम आइसोलेशन दिया गया है। 77 मरीजों को डिस्चार्ज कर दिया गया। अब तक 4490 मरीज ठीक होकर घर पहुंच चुके हैं। इधर, मरीजों की संख्या बढऩे से रिकवरी रेट में ठहराव आया है।
डीएम ने तलब की रिपोर्ट
मेडिकल कालेज के प्रोफेसर डा. टीवीएस आर्य ने बताया कि सिविल लाइंस निवासी 57 साल के पुरुष, अंबेडकरनगर रिठानी की 52 साल की महिला, पल्लपुरम फेज दो की 66 साल की महिला, ब्रह्मपुरी निवासी 65 साल की महिला और पुरानी तहसील के 73 साल के मरीजों की मौत हुई है। स्वास्थ्य विभाग ने भी दो अन्य मरीजों की मौत की पुष्टि की है। मेडिकल कालेज में सोमवार को कुल मिलाकर नौ मरीजों की मौत हुई। 14 दिनों में 71 मरीजो की जान जा चुकी है। प्राचार्य आफिस में एक क्लर्क के संक्रमित मिलने से कार्यालय बंद रखा गया। इस दौरान प्राचार्य डा. ज्ञानेंद्र ने कैंप लगाकर इलाज की समीक्षा की। विकलांग कार्यशाला के एक रिटायर्ड कर्मचारी की मौत की भी बात उठी। उधर, जिले में कोरोना संक्रमण और मौतों को रोकने के लिए जलाधिकारी बालाजी ने सीएमओ डा. राजकुमार को बुलाकर जिले में संक्रमण की रिपोर्ट तलब की।