मेरठ की कमिश्नर अनीता सी मेश्रम का हुआ स्थानांतरण, सुरेंद्र सिंह बनें नये मंडलायुक्त
ग्राम पंचायत चुनाव से पहले मेरठ मंडल की कमिश्नर अनीता सी. मेश्रम का भी तबादला कर दिया गया है। करीब ढाई साल तक मेरठ मंडल की कमिश्नर रही अनीता सी मेश्रम के स्थान पर मुख्यमंत्री के सचिव सुरेंद्र सिंह को मेरठ मंडल का नया आयुक्त बनाया गया है।
मेरठ, जेएनएन। शासन ने त्रिस्तरीय ग्राम पंचायत चुनाव से पहले मेरठ मंडल की कमिश्नर अनीता सी. मेश्रम का भी तबादला कर दिया गया है। करीब ढाई साल तक मेरठ मंडल की कमिश्नर रही अनीता सी मेश्रम के स्थान पर मुख्यमंत्री के सचिव सुरेंद्र सिंह को मेरठ मंडल का नया आयुक्त बनाया गया है। वे पिछले महीने ही प्रदेश के नागरिक उड्डयन मंत्री के साथ मेरठ हवाई पट्टी पर आए थे। वाराणसी और कानपुर जैसे अहम जिलों के डीएम रहने वाले मूल रूप से मथुरा निवासी सुरेंद्र सिंह मुजफ्फरनगर के भी डीएम रह चुके हैं। बता दें कि 2013 में कवाल कांड के बाद तत्कालीन सपा सरकार ने उनका तबादला कर दिया था। अनीता सी. मेश्रम ने 4 जून 2018 को मेरठ मंडल के कमिश्नर रहे प्रभात कुमार का स्थानांतरण होने के बाद पदभार ग्रहण किया था। मेरठ मंडल का कमिश्नर होने के दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश और हरियाणा से जारी सीमा विवाद को निपटाने के लिए नोडल अधिकारी के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। साथ ही दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे की खातिर भूमि विवाद निपटाने के लिए भी प्रदेश की ओर से अधिकारी नामित की गई थीं। कोरोना काल में कमिश्नर रहीं अनीता सी मेश्रम ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए मंडल के जिलों को महामारी से बचाने के लिए तमाम प्रयास किए। अनीता मेश्रम मेरठ की प्रथम स्वाधीनता संग्राम की स्मृतियों को जीवंत करने के मकसद से हेरिटेज वॉक की शुरुआत करना चाहती थीं। इसकी खातिर जानकारों के सहयोग से प्रोजेक्ट भी तैयार किया गया लेकिन कमिश्नर रहते यह योजना सिरे नहीं चढ़ सकी है।