कोयला व्यापारी हत्याकांड : बेटा मुझे मत मारो.. जिंदगी की गुहार लगाता रहा पिता, पर बेटे ने खौफनाक घटना को दे दिया अंजाम
Meerut Murder News शूटरों की पिस्टल देखकर अरुण जैन ने बेटे आयुष से गुहार लगाई। मुझे मत मारो। पिता की इस गुहार पर भी बेटे का दिल नहीं पसीजा। शूटरों के जाने के बाद पिता की नब्ज देखी। दम तोड़ देने के बाद ही आयुष ने शोर मचाया था।
मेरठ, जेएनएन। शूटरों की पिस्टल देखकर अरुण जैन ने बेटे आयुष से गुहार लगाई। मुझे मत मारो। पिता की इस गुहार पर भी बेटे का दिल नहीं पसीजा। शूटरों के जाने के बाद पिता की नब्ज देखी। दम तोड़ देने के बाद ही आयुष ने शोर मचाया था। यही कारण है कि केएमसी अस्पताल में डाक्टरों ने बाहर ही देखकर मृत घोषित कर दिया था। पुलिस ने हत्यारोपित बेटे और दोनों शूटरों को जेल भेज दिया।
मूलरूप से सरधना के गांधीनगर निवासी अरुण जैन का परिवार टीपीनगर के पंजाबीपुरा में रहता है। सोमवार को बह्मपुरी के ध्यानचंद नगर स्थित कार्यालय में अरुण जैन की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए बेटे आयुष और दो शूटर कृष्ण जिंदल निवासी माधवपुरम और अर्पित शर्मा निवासी शताब्दीनगर को गिरफ्तार कर लिया।
दोनों के कब्जे से हत्या में प्रयोग की गई पिस्टल और स्कूटी बरामद की। पूछताछ में दोनों शूटरों ने बताया कि अरुण जैन ने मरने से पहले भी बेटे आयुष से गुहार लगाई थी। आयुष के सामने अरुण जैन ने कहा था मुङो मत मारो। उसके बाद भी आयुष ने कहा कि गोली चलाओ। तब उन्होंने फायरिंग की गई।
अरुण जैन के दम तोड़ने के बाद ही वहां से भागे थे। आयुष जैन ने ही नब्ज देखकर बताया था कि अरुण जैन की सांसे थम गई हैं। आयुष जैन से काम होने पर दस लाख रुपये देने का वायदा किया था। आयुष दूसरी बिरादरी की लड़की से शादी करना चाहता था।
अरुण जैन ने इससे इन्कार किया था। तभी से आयुष ने अरुण जैन की हत्या की योजना बना ली थी। एक माह से आयुष जैन पिता की हत्या करने के लिए शूटरों की तलाश कर रहा था। शूटर न मिलने पर दोस्तों को ही दस लाख का लालच देकर हत्या करा दी। कोर्ट ने तीनों हत्यारोपितों को जेल भेज दिया। उनके मैसेज और बातचीत की आडियो परिवार के लोगों को सुना दी है।
आरोपित ने 15 दिन पहले ही खरीदे थे पिस्टल
आयुष ने ही 15 दिन पहले पिता को मारने के लिए पिस्टल खरीदे थे। पुलिस पड़ताल कर रही है कि पिस्टल कहां से खरीदे गए थे। साथ ही आयुष की प्रेमिका की भूमिका की भी पुलिस जांच कर रही है। देखा जा रहा है कि आयुष के साथ वह तो शामिल नहीं थी।