हिल स्टेशनों की ठंड को मात कर रही मेरठ की सर्दी
जनपद में दिन में शीतलहर का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से आठ डिग्री कम रहा।
मेरठ, जेएनएन। जनपद में दिन में शीतलहर का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से आठ डिग्री कम रहा। पर्यटन के लिहाज से देश के प्रमुख हिल स्टेशन मनाली को मेरठ के दिन का तापमान टक्कर देता नजर आया। मनाली में अधिकतम तापमान 14 डिग्री रहा और मेरठ का तापमान 14.2 डिग्री। बर्फीली हवा के चलते बाइक सवारों की शामत बन आई। हवा के थपेड़े गर्म कपड़ों को भेद कर शरीर को कंपाते रहे। ठंड के प्रकोप के चलते सड़कों पर जल्द सन्नाटा छा गया।
रविवार की रात भी कड़ाके की ठंड रही। आर्द्रता का प्रतिशत अधिक होने से ओस की बूंदें देर रात टपकती रही। सामान्य से एक डिग्री कम तापमान 6.1 आंका गया। माता वैष्णोदेवी के दरबार से भी ज्यादा भीषण ठंड का सामना मेरठवासी कर रहे हैं। जम्मू माता वैष्णोदेवी के दरबार में अधिकतम तापमान 14.6 और न्यूनतम तापमान 6.4 रहा। मेरठ में रातें भी मसूरी और नैनीताल की तरह सर्द हो रही हैं। ऐसे में गर्म कपड़ों की डिमांड बढ़ गई है। सोमवार को आबूलेन और सेंट्रल मार्केट बंद रहे, लेकिन स्वेटर, जैकेट और ऊनी टोपी आदि की दुकानें खुली रहीं। खरीदारों की भीड़ लगी रही। घरों में हीटर और ब्लोअरों का उपयोग बढ़ गया है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार शुष्क बर्फीली हवा का कहर जारी रहेगा। मकर संक्रांति और लोहड़ी के पर्व तक ठंड का कहर कम नहीं होगा। न्यूनतम तापमान पांच या उससे कम रिकार्ड किया जा सकता है।
कुछ प्रमुख पर्वतीय जनपदों का अधिकतम तापमान
मेरठ - 14.2
कुल्लू 20.0
मनाली 14.0
धर्मशाला 16.2
कसौली 15.7
ऊधमपुर 15.4
जम्मू माता वैष्णोदेवी 14.5
-------
न्यूनतम तापमान
मेरठ - 6.1
मसूरी 6.5 न्यूनतम