Meerut Weather Forecast: मेरठ व आसपास और सर्द हुई सुबह, दिन के तापमान में कमी
मौसम में इनदिनों तेजी से परिवर्तन हो रहा है। बदलते मौसम के बीच सेहत का ध्यान रखना भी जरूरी है। यहां सुबह और शाम को कोहरा नजर आने लगा है। इसके साथ ही खतरनाक संकेत यह है कि स्माग के चलते भी हालात बेकाबू हो सकते हैं।
मेरठ, जेएनएन। Meerut Weather Forecast मेरठ और आसपास के जिलों में इनदिनों कोहरे के साथ-साथ ठंड भी बढ़ती जा रही है। कुछ जगहों पर स्माग भी देखा जा रहा है। रविवार को भी सुबह की शुरुआत तेज सर्दी के साथ हुई। बुलंदशहर और बागपत में स्माग के कारण प्रदूषण के हालात बने हुए हैं। हालांकि मेरठ में भी स्माग बन रहा है। बदलते मौसम के बीच सेहत का ध्यान रखना भी जरूरी है। यहां सुबह और शाम को कोहरा नजर आने लगा है। इसके साथ ही खतरनाक संकेत यह है कि स्माग के चलते भी हालात बेकाबू हो सकते हैं। सुबह और शाम के तापमान में कमी आ रही है। स्माग के साथ प्रदूषण का भी भय सताने लगा है। वहीं दिल्ली और आसपास के क्षेत्र में स्माग की दस्तक ने मेरठ और आसपास के जिलों की धड़कनें बढ़ा दी हैं। इन क्षेत्रों में स्माग नजर आने लगा है। प्रदूषण के चलते हालात अभी और खराब होते नजर आ सकते हैं।
सुबह ही शुरुआत खतरनाक
मेरठ में हर सुबह की शुरुआत स्वास्थ्य के लिहाज से काफी खतरनाक शुरू हो रही है। सुबह के समय हवा की गुणवत्ता गंभीर की श्रेणी में अब भी बनी हुई है। पीएम 2.5 का स्तर लगातार उच्चतम स्तर पर बना हुआ है। पल्लवपुरम में तो सुबह 10 बजे तक पीएम 2.5 500 तक बना रहा। इसके बाद दोपहर दो बजे के समय थोड़ी राहत जरूर मिली लेकिन शाम होते-होते हालात जस के तस बन गए। जिसमें सांस लेना भी दूभर हो जाता है।
शहर 'गंभीर' की श्रेणी में
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से शनिवार को जारी एक्यूआइ यानी वायु गुणवत्ता सूचकांक की बुलेटिन में भी एनसीआर के शहर 'गंभीर' की श्रेणी में बने रहे। धारूहेड़ा पिछले 24 घंटे के औसत 474 एक्यूआइ के साथ देश का सर्वाधिक प्रदूषित शहर बना। दिल्ली में भी एक्यूआइ 427 दर्ज की गई। शुक्रवार की शाम चार से शनिवार शाम चार बजे तक के मेरठ के एक्यूआइ का औसत 348 रहा जो कि 'बहुत खराब' की श्रेणी में दर्ज किया जाता है। बता दें कि मौसम विभाग ने अभी कम से कम सप्ताहभर तक हालात ऐसे ही बने रहने की भविष्यवाणी की है।
मेरठ में सुबह के समय का हाल शनिवार को
समय, पल्लवपुरम, जयभीमनगर, गंगानगर
सुबह 6.00, 500, 446, 421
सुबह 7.00, 500, 446, 422
सुबह 8.00, 500, 481, 430
सुबह 9.00, 500, 500, 434
सुबह 10.00, 500, 494, 421
सुबह 11.00, 461, 420, 372
दोपहर 12.00, 386, 356, 322
इनका कहना है
वायु की गुणवत्ता का यह स्तर सेहत के लिए कतई ठीक नहीं है। सुबह की मार्निंग वाक अगर कर रहें हों तो तत्काल बंद कर दें। पीएम-2.5 के सूक्ष्म कणों में अस्थमा के ट्रिगर्स होते हैं, जिससे दौरा भी पड़ सकता है। सांस के मरीज हमेशा अपने पास इनहेलर रखें। दिक्कत हो तो अपने चिकित्सक से जरूर संपर्क करें।
- डा. वीरोत्तम तोमर, वरिष्ठ छाती एवं श्वांस रोग विशेषज्ञ