45 करोड़ से शुद्ध होगी मेरठ की हवा, जानिए क्या है नगर निगम का एक्शन प्लान Meerut News
तमाम सर्वे रिपोर्टों के बाद सरकार ने 15 वें वित्त आयोग के मद में वायु गुणवत्ता सुधार के अच्छी-खासी धनराशि जारी कर दी है। मेरठ नगर निगम ने भी एक्शन प्लान तैयार कर लिया है। 45 करोड़ रुपये के काम प्रस्तावित किये गए हैं।
मेरठ, जेएनएन। ईज आफ लिविंग सर्वे में मेरठ के पर्यावरण की सेहत खराब पायी गई है। धूल के गुबार के चलते आबोहवा प्रदूषित हो चुकी है। स्थिति ये है कि खुली जगह यानि कि ग्रीन बेल्ट में भी शुद्ध हवा लोगों को नसीब नहीं हो रही है। तमाम सर्वे रिपोर्टों के बाद सरकार ने 15 वें वित्त आयोग के मद में वायु गुणवत्ता सुधार के अच्छी-खासी धनराशि जारी कर दी है। मेरठ नगर निगम ने भी एक्शन प्लान तैयार कर लिया है। 45 करोड़ रुपये के काम प्रस्तावित किये गए हैं। निगम अधिकारियों का दावा है कि यह इंतजाम होने के बाद मेरठ की वायु की गुणवत्ता में सुधार होगा।
ये है प्लान
- शहर के सभी मुख्य मार्गों की रोड पटरी पर इंटरलाकिंग व पौधरोपण किया जाएगा। इसके लिए आठ करोड़ धनराशि निर्धारित की गई।
- शहर की व्यस्त सड़कों पर ब्लैक टापिंग, मार्किंग व साइड साइनेज का काम किया जाएगा। इसके लिए 12 करोड़ धनराशि तय की गई।
- ग्रीन बेलट का निर्माण, पौधरोपण व उसमें बाड़ लगाने व बड़े साइज के गमले रखे जाएंगे। इस काम पर पांच करोड़ खर्च अनुमानित है।
- शहर में एक ई-बसों के संचालन के लिए चार्जिंग व मेंटीनेंस डिपो का निर्माण कराया जाएगा। जिस पर सात करोड़ रुपये खर्च होंगे।
- वायु गुणवत्ता सुधार की मानीटङ्क्षरग के लिए एक लैब, कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा। इसके लिए पांच करोड़ रुपये निर्धारित किये गए हैं।
- सड़कों की धूल साफ करने दो रोड स्वीपिंग मशीन और दो एंटी स्माग गन व स्प्रिंकलर मशीन खरीदी जाएगी। जिसके लिए तीन करोड़ रुपये प्रस्तावित हैं।
- निर्माण संबंधित ठोस अपशिष्ट के रिसाइकिल के लिये एक सीएंडडी वेस्ट प्लांट स्थापित किया जाएगा। जिसके लिए पांच करोड़ रुपये प्रस्तावित है।