मेरठ: शिक्षा और स्वास्थ्य पटरी पर, सुरक्षा अभी भी चिंता का विषय
माय सिटी माय प्राइड अभियान में शामिल मेरठ को लोगों ने जहां शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में बेहतर रेटिंग दी वहीं सुरक्षा को लेकर वह चिंतित नजर आए।
मेरठ को भारत की स्पोर्ट्स कैपिटल का दर्जा प्राप्त है। खेल की सामग्री के साथ मेरठ कैंची के लिए भी प्रसिद्ध है। वहीं, पश्चिमी यूपी के उभरते हुए शहर मेरठ में विकास की असीम संभावनाएं हैं। मेरठ उन शहरों में शामिल था जो कि ‘माय सिटी माय प्राइड’ अभियान का हिस्सा है। इस अभियान में लोगों ने मेरठ को अर्थव्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य, इन्फ्रास्ट्रक्चर और सुरक्षा के लिहाज से रेट किया। जिसमें लोगों ने शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में मेरठ को बेहतर रेटिंग दी है, वहीं सुरक्षा पर लोग चिंतित दिखे हैं।
‘माय सिटी माय प्राइड’ के लिवेबिलिटी सर्वे रिपोर्ट में मेरठ को दस शहरों में 5 में से औसत 3.13 अंक मिले हैं। दस शहरों की सूची में मेरठ सातवें स्थान पर रहा है। शिक्षा के लिए मेरठ को 3.32 अंक मिले हैं। वहीं, स्वास्थ्य में 3.29 अंक मिले हैं।
इसी तरह अर्थव्यवस्था और इन्फ्रास्ट्रक्चर में क्रमश: 3.16 और 3.07 अंक मिले हैं। पश्चिमी यूपी के बड़े शहरों में शामिल मेरठ में खाकी का इकबाल कायम रहना एक अहम चुनौती की तरह सामने आया है। इसी कारण मेरठ को सुरक्षा में लोगों ने 5 में से 2.71 अंक दिए हैं।
स्कूलों की उपलब्धता है बेहतर
मेरठ स्कूल की उपलब्धता के मामले में बेहतर है, इस कारण लोगों ने इसे 3.74 अंक दिए हैं। वहीं, स्वास्थ्य सुविधाओं के लिहाज से मेरठ में मौजूद सुविधाओं को 3.59 अंक दिए हैं। बिजली सप्लाई के मामले में भी शहर को 3.59 अंक ही मिले हैं। स्वास्थ्य सुविधाओं और दवाइयों की उपलब्धता के लिए मेरठ कैसा है, इस पर लोगों ने 5 में से 3.51 अंक दिए हैं।
महिलाओं की सुरक्षा है चिंता का विषय
मेरठ में महिलाओं की सुरक्षा बेहद चिंता का विषय है। शाम सात बजे के बाद महिलाओं को अकेले घर से बाहर निकलने के लिहाज से यहां की सुरक्षा व्यवस्था को लोग अच्छा नहीं मानते हैं। यही कारण है मेरठ को 2.47 अंक मिले हैं। वहीं, मेरठ के लोग यातायात के नियम पालन करने में उतने बेहतर नहीं हैं। इसी वजह से मेरठ को लोगों ने इस प्रश्न के उत्तर में 2.75 अंक दिए हैं।
सीसीटीवी कवरेज न होने पर मेरठ के लोग चिंतित नजर आए हैं, इसी कारण मेरठ के लोगों ने 5 में से 2.59 अंक दिए हैं। मेरठ में सड़क पर होने वाले अपराध भी यूपी पुलिस के लिए चुनौती है। इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि स्ट्रीट क्राइम मेरठ में कितना आम है, इसी वजह से मेरठ वासियों ने 5 में से महज 2.53 अंक दिए हैं। ऐसे में इस मुद्दे पर सुधार करना पुलिस के लिए भी चुनौती है।