सहारनपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, पंखे पर लटका मिला शव, मां ने इन पर लगाया आरोप
सहारनपुर में विवाहिता का शव घर के कमरे में फांसी पर लटका मिला। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतका की मां की शिकायत पर पति समेत चार के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज।
सहारनपुर, जेएनएन। न्यामतपुर गांव में विवाहिता का शव घर के कमरे में फांसी पर लटका मिला। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं, मृतका की मां की तहरीर पर पुलिस ने मृतका के पति समेत ससुरालियों पर दहेज हत्या का मामला दर्ज किया है।
यह है मामला
उत्तराखंड के गांव लिब्बरहेड़ी (रुड़की) निवासी स्व. बाबूराम की पुत्री प्रियंका उर्फ गुडिय़ा (26) की शादी मार्च 2019 में गांव न्यामतपुर निवासी धर्मेंद्र के साथ हुई थी। सोमवार को प्रियंका का शव कमरे में पंखे से लटका मिला। ग्रामीणों से सूचना पाकर विवाहिता के परिजन न्यायमतपुर गांव पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। प्रभारी निरीक्षक योगेश शर्मा ने गांव पहुंच घटना की जानकारी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतका प्रियंका की मां सुनीता ने पुलिस को दी तहरीर में दामाद धर्मेंद्र सहित उसके पिता राजेंद्र, मां और भाई अश्वनी को नामजद किया है।
मृतका की मां ने बताया कि शादी के बाद से ही दामाद और उसके परिजन अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर बेटी का शारीरिक व मानसिक उत्पीडऩ कर रहे थे। आयेदिन उसके साथ मारपीट भी की जाती थी। प्रभारी निरीक्षक योगेश शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद हत्या का कारण पता लग सकेगा। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।