मेरठ में अवैध संबंध के विरोध पर पथराव, कई लोग घायल, मारपीट की वीडियो वायरल
लालकुर्ती थाना क्षेत्र में अवैध संबंध के विरोध पर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। पथराव होने पर अफरा-तफरी मच गई। कई थानों की पुलिस पहुंची। पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
मेरठ, जेएनएन। लालकुर्ती थाना क्षेत्र में अवैध संबंध के विरोध पर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। पथराव होने पर अफरा-तफरी मच गई। कई थानों की पुलिस पहुंची। पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक लालकुर्ती थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति पत्नी और बच्चों के साथ किराये पर रहता है। आरोप है कि महिला के घर के सामने रहने वाले किशोर से अवैध संबंध हैं। इस बात को लेकर पहले भी दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ चुके हैं। मंगलवार देर शाम किशोर महिला के घर से निकल रहा था, तभी उसका पति पहुंच गया और विवाहिता पिटाई करने लगा। इस पर किशोर ने विरोध किया तो दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि व्यक्ति ने अपने रिश्तेदार और साथी बुला लिए और किशोर के घर पर हमला कर दिया। घर में भी तोड़फोड़ की। दोनों पक्षों में जमकर पथराव हो गया। लाठी-डंडे चलने से किशोर पक्ष के कई लोग घायल हो गए।
कई थानों की पुलिस पहुंची। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है। एएसपी सूरज राय ने बताया कि कुछ युवकों को हिरासत में लिया गया है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
मारपीट की वीडियो वायरल
दोनों पक्षों की मारपीट और पथराव की किसी ने वीडियो बना ली। इसमें पथराव से बचने के लिए लोग घरों में घुस रहे हैं। घटना के बाद वीडियो को वायरल भी कर दिया।
युवक की मौत के बाद तोड़फोड़
परिवारिक कलह के बाद युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के बाद अलग रह रहे पति के घर पहुंचकर मृतक की मां ने हंगामा कर दिया। आरोप है कि घर में तोड़फोड़ कर दी। नौचंदी थाना क्षेत्र के सेक्टर एक निवासी अजय राघव को पत्नी मोनिका राघव से कई सालों से विवाद चल रहा है। इसके चलते ही महिला बेटे कृष्णा और बेटी आरती के साथ सेक्टर छह में किराये पर रहती हैं। दंपती का मामला कोर्ट में चल रहा है। मंगलवार देर शाम कृष्णा ने अपने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। चौकी प्रभारी राजकुमार गौतम ने बताया कि घटना के बाद युवक की मां पति के घर पहुंची और वहां पर हंगामा करते हुए तोड़फोड़ कर दी। गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। तहरीर नहीं मिली है।
सट्टे में हारने पर जान दी
लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के खुशहाल नगर निवासी भूरा फैक्ट्री में काम करता है। स्वजन ने बताया कि वह सट्टा खेलने का आदी है। मंगलवार रात भी वह सट्टा खेलने गया था। इस दौरान 10 हजार रुपये हार गया। जब वह घर पहुंचा तो पत्नी से विवाद हो गया। काफी देर तक नोकझोंक होती रही। इसके बाद उसने कमरे में जाकर फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई थी। हालांकि स्वजन ने किसी भी कार्रवाई से इंकार कर दिया।