मेरठ में पंचायत के दौरान मायके और ससुराल पक्ष में चाकूबाजी-फायरिंग, कई घायल
पंचायत के दौरान मायके और ससुराल वालों में मारपीट हो गई। चाकूबाजी में कई लोग घायल हो गए। फायरिंग से अफरा-तफरी मच गई। काफी देर तक हंगामा होता रहा। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
मेरठ, जेएनएन। पंचायत के दौरान मायके और ससुराल वालों में मारपीट हो गई। चाकूबाजी में कई लोग घायल हो गए। फायरिंग से अफरा-तफरी मच गई। काफी देर तक हंगामा होता रहा। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। दोनों पक्षों ने मारपीट का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के फिरोज नगर फूल वाली गली निवासी अनम की शादी जाकिर कालोनी निवासी दिलशाद से चार माह पहले हुई थी। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज और दस लाख रुपयों की मांग कर रहे हैं। इसके चलते ही विवाहिता करीब डेढ़ माह से मायके में है। हालांकि दस दिन पहले पति उसे लेने गया था। आरोप है कि उसके साथ अभद्रता कर दी गई थी, जिस पर वह पत्नी को लिए बिना ही आ गया था। रविवार देर शाम जाकिर कालोनी में दोनों पक्षों के लोगों की बातचीत चल रही थी। इस दौरान कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। चाकूबाजी में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए।
आरोप है कि किसी ने फायरिंग भी कर दी थी, जिससे भगदड़ मच गई। मारपीट में लड़की पक्ष की ओर से इसरार, नदीम, वसीम, मंजूर और लड़के पक्ष की ओर से दिलशाद, शमशाद, सम्मा, जैनब और रानी घायल हो गईं। थाना प्रभारी प्रशांत कपिल ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। फायरिंग जैसी कोई बात नहीं है। उधर, दिलशाद का कहना है कि लड़की का भाई आपराधिक प्रवृत्ति का है। पहले भी हत्या के मामले में जेल जा चुका है।
छेड़छाड़ के विरोध पर मारपीट
लिसाड़ी गेट क्षेत्र निवासी एक युवक ने आरोप लगाया कि मोहल्ला निवासी व्यक्ति गली में से आने-जाने वाली महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करता है। इसको लेकर पहले भी कई बार कहासुनी हो चुकी है। रविवार शाम भी वह महिलाओं से छेड़छाड़ कर रहा था। इसका विरोध करने पर आरोपित ने साथियों को बुलाकर उसकी पिटाई कर दी, जिससे वह घायल हो गया। वहीं, आरोपित का कहना है कि वह घर में मौजूद था। तभी युवक अपने साथियों के साथ आया और बहन से छेड़छाड़ करने लगा। उसने विरोध किया तो हमला बोल दिया। दोनों पक्षों ने तहरीर दे दी है।