वेलेंटाइन वीक में किस कर ‘विश’ करना पड़ गया महंगा..जूते पड़े Meerut News
वेलेंटाइन वीक में भी शहर में छेड़छाड़ की खूब घटनाएं हुईं। गुरुवार को शारदा रोड पर छात्रा के साथ बदसलूकी करने पर मनचलों की जूतों से पिटाई की गई।
मेरठ, जेएनएन। वेलेंटाइन वीक में भी शहर में छेड़छाड़ की खूब घटनाएं हुईं। गुरुवार को शारदा रोड पर छात्रा के साथ बदसलूकी करने पर मनचलों की जूतों से पिटाई की गई। उनके बाल काटकर बाजार में घुमाया गया। बाद में पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने दोनों को शांतिभंग में चालान कर दिया।
सरेआम किस करने की कोशिश
ब्रह्रमपुरी के तारापुर चूना भट्ठी निवासी शहजाद और अनस दोनों शारदा रोड पर एक कॉलेज के सामने पहुंच गए। तभी कॉलेज से छात्राएं बाहर निकल रहीं थीं। सरेआम ही शहजाद ने एक छात्रा से किस डे पर बदसलूकी की। उसके बाद अनस ने सरेआम किस करने की कोशिश की।
बाल काटकर बाजार में घुमाया
छात्रा के शोर मचाने पर हिंदू युवा वाहिनी के पदाधिकारियों ने दोनों को पकड़ लिया और उनकी जूतों से पिटाई की दी। साथ ही बाल काटकर बाजार में घुमाया गया। पुलिस दोनों को भीड़ के कब्जे से बचाकर थाने ले आई। इंस्पेक्टर रघुराज ने बताया कि दोनों के खिलाफ किसी भी छात्र ने तहरीर नहीं दी। इसलिए दोनों का शांतिभंग में चालान किया गया है।
देवरानी के भाई ने किया दुष्कर्म
दुष्कर्म मामलों को लेकर जहां शासन ने सख्ती से निपटने के आदेश दिए हैं, वहीं थाना स्तर पर आदेशों की अवेहलना की जा रही है। गुरुवार को पुलिस आफिस पहुंचीं एक महिला ने देवरानी के भाई पर दुष्कर्म का आरोप लगाया। आरोप है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद भी खरखौदा थाने में तैनात दारोगा कोर्ट में बयान दर्ज नहीं करा रहे हैं। पीड़िता ने एसपी क्राइम रामअर्ज से दारोगा की शिकायत की है।
घर पर अकेली थी पीड़िता
खरखौदा के एक गांव निवासी महिला ने बताया कि दिसंबर में उसकी बुआ सास के बेटे का ऑपरेशन हुआ था। उसके पति और परिवार के अन्य लोग उन्हें देखने गए हुए थे। घर पर पीड़िता अकेली थी। रात करीब 10 बजे उसकी देवरानी का भाई टीनू और अरुण घर पर आ गए। पीड़िता ने दोनों के लिए चाय बनाई। आरोप है कि घर में महिला के अकेले होने का फायदा उठा टीनू और अरुण ने पीड़िता को दबोच लिया और दुष्कर्म किया। बाद में पीड़िता को जान से मारने की धमकी दे आरोपित फरार हो गए।
दरोगा पर सेटिंग का आरोप
खरखौदा थाने पहुंच आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया। महिला ने बताया कि विवेचक दारोगा ने महिला के धारा सीआरपीसी-161 के तो बयान दर्ज करा दिए, लेकिन सीआरपीसी-164 के बयान दर्ज नहीं करा रहे हैं। पीड़िता का आरोप है कि दारोगा ने दूसरी पार्टी से सेटिंग कर ली हैं। महिला की शिकायत के बाद एसपी क्राइम ने खरखौदा थाने में तैनात दारोगा को बयान कराने के आदेश दिए हैं।