मंडल पर बाजी मारी, अब राज्य पुरस्कार की तैयारी
संत कबीर राज्य हथकरघा पुरस्कार योजना के लिए मंडल स्तर पर बुनकरों के उत्पादों का गुरुवार को चयन किया गया।
मेरठ, जेएनएन। संत कबीर राज्य हथकरघा पुरस्कार योजना के लिए मंडल स्तर पर बुनकरों के उत्पादों का गुरुवार को चयन किया गया। सीडीओ की अध्यक्षता में गठित छह अफसरों की समिति ने मंडल स्तर पर मुरादनगर के कय्यमू के पर्दे के कपड़े को प्रथम स्थान के लिए चुना। दूसरे स्थान पर हापुड़ की बुनकर श्रीमती ब्रिजेश की सिगल बेडशीट तथा तीसरे स्थान पर खेकड़ा के राशिद की दरी को चुना गया। कुल 23 बुनकरों के उत्पादों का इस मंडल स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन किया गया था। अब इन तीनों चयनित उत्पादों को मंडल की ओर से प्रदेश स्तर पर पुरस्कार जीतकर लाने के लिए भेजा जाएगा।
एक लाख रुपये का इनाम
सहायक आयुक्त उद्योग (पावरलूम) हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग एस के यादव ने बताया कि प्रदेश सरकार प्रत्येक वर्ष हथकरघा बुनकरों द्वारा तैयार उत्कृष्ट उत्पादों का संत कबीर राज्य हथकरघा पुरस्कार योजना के तहत राज्य स्तरीय पुरस्कार के लिए चयन किया जाता है। प्रतियोगिता के तहत पहले परिक्षेत्र स्तर पर प्रतियोगिता आयोजित करके राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भागीदारी के लिए एंट्री का चुनाव किया जाता है। परिक्षेत्र स्तरीय प्रतियोगिता में मेरठ मंडल के सभी जनपदों के 23 बुनकरों ने अपने सबसे अच्छे उत्पाद पर दाव लगाया था। इस उत्पादों के नमूनों का निरीक्षण करके फैसला लेने के लिए मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में छह विभागों के अफसरों का निर्णायक मंडल गठित किया गया है। राज्य स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार के रुप में एक लाख, 50 हजार और 25 हजार की धनराशि दी जाती है। जबकि परिक्षेत्र स्तर पर यह ईनाम की राशि 20 हजार, 15 हजार तथा 10 हजार है।
मुश्किल हो गया निर्णय लेना
गुरुवार दोपहर में परिक्षेत्र स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल किए गए सभी 23 बुनकरों के उत्पादों की प्रदर्शनी विकास भवन सभागार में लगाई गई थी। सीडीओ और समिति में शामिल अन्य पांच विभागों के अफसरों ने एक एक नमूने को देखा तथा बुनकरों की हाथ की कारीगरी को देखकर उन्हें फैसला लेना मुश्किल हो गया। आखिरकार सीडीओ ने तीनों पुरस्कारों के लिए उत्पादों का चयन किया। निर्णायक समिति में सहायक आयुक्त एस के यादव के साथ अन्य चार विभागों के अफसर भी शामिल रहे।