Move to Jagran APP

ऋषभदेव भगवान को हुआ केवलज्ञान, हुई मोक्ष की प्राप्ति

थापर नगर स्थित नवनिर्मित दिगंबर जैन मंदिर के अयोध्यापुरी (भैंसाली मैदान) में चल रहे पंचकल्याणक महामहोत्सव के अंतिम दिन शनिवार को होने वाले धार्मिक अनुष्ठान वीकेंड लाकडाउन होने के कारण शुक्रवार को ही निष्पादित कर दिए गए।

By JagranEdited By: Published: Sat, 24 Apr 2021 12:11 AM (IST)Updated: Sat, 24 Apr 2021 12:11 AM (IST)
ऋषभदेव भगवान को हुआ केवलज्ञान, हुई मोक्ष की प्राप्ति
ऋषभदेव भगवान को हुआ केवलज्ञान, हुई मोक्ष की प्राप्ति

मेरठ, जेएनएन। थापर नगर स्थित नवनिर्मित दिगंबर जैन मंदिर के अयोध्यापुरी (भैंसाली मैदान) में चल रहे पंचकल्याणक महामहोत्सव के अंतिम दिन शनिवार को होने वाले धार्मिक अनुष्ठान वीकेंड लाकडाउन होने के कारण शुक्रवार को ही निष्पादित कर दिए गए। सबसे पहले प्रात: भगवान का अभिषेक व शांति धारा हुई तथा देव शास्त्र गुरु व अन्य नियमित पूजा के साथ ही भगवान आदिनाथ के ज्ञान कल्याणक की पूजा हुई।

loksabha election banner

आचार्य वसुनंदी जी महाराज ने दिया प्रवचन

भैंसाली मैदान में मंचन के दौरान भगवान को जब केवल ज्ञान की प्राप्ति होती है तो स्वर्गाधिपति सौधर्म इंद्र द्वारा भगवान के समोशरण की रचना की जाती है। इसमें सृष्टि के सभी जीव-जंतु, देव-ऋषि, मुनि-नर व नारी सम्मिलित होकर भगवान के श्रीमुख से स्वत: खिर रही वाणी का श्रवण कर आनंदित होते हैं। आचार्य श्री वसुनंदी जी महाराज ने कहा कि यह सत्य है कि जिस जीव के मन में कोई भी संदेह या प्रश्न होता है वह समोशरण में उसे अपनी भाषा में ही उत्तर प्राप्त हो जाता है। भगवान को केवल ज्ञान की प्राप्ति के उपरांत वह क्षण आता है जब तीर्थकर भगवान इस धरती पर केवल अपने नख व केश छोड़कर सिद्धशिला पर विराजमान हो जाते हैं। स्वर्ग का राजा भगवान को ढूंढने जाता है लेकिन वह भी अपनी सीमाओं में बंधा होने के कारण आगे नहीं जा पाता है। तब वह अग्निकुमार युगल को आह्वान करता है और वे आकर अपने मुकुट की दिव्य अग्नि से भगवान के नख व केश को अग्नि से भस्म कर देते हैं। शुक्रवार को कार्यक्रम की समस्त विधियां अभीक्षण ज्ञानोपयोगी परम पूज्य आचार्य श्री वसुनंदी जी महाराज व संघ के सानिध्य में अत्यंत श्रद्धाभाव से संपूर्ण हुई।

नवनिर्मित मंदिर में सिद्ध प्रतिमाओं को किया स्थापित

कार्यक्रम की समाप्ति पर विश्व शांति के लिए हवन कुंडों में सभी पात्रों ने आचार्य श्री के द्वारा मंत्रोच्चार के साथ आहुति दी। तत्पश्चात श्री दिगंबर जैन पंचायती मंदिर दुर्गाबाड़ी सदर से पंचकल्याणक के लिए विशेष रूप से लाई गई भगवान की प्रतिमा को मस्तक पर रख कर मंदिर में अभिषेक करने के उपरांत पुन: स्थापित किया गया। थापर नगर स्थित नवनिर्मित दिगंबर जैन मंदिर के लिए विशेष रूप पंचकल्याणक विधि से सिद्धित प्रतिमाओं को थापर नगर मंदिर में स्थापित किया गया। थाना सदर बाजार प्रभारी बिजेंद्र राणा को पंचकल्याणक समिति ने सभी कार्यक्रम को सुरक्षा पूर्वक संपन्न कराने में किए गए उत्कृष्ट सहयोग के लिए सम्मानित किया। आयोजन समिति के दिनेश चंद जैन, अंकुर जैन, संजय जैन, रिशु जैन, अनमोल, विपिन जैन, विनेश कुमार जैन आदि का विशेष सहयोग रहा।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.