सांसद के नेतृत्व में भाजपाइयों ने गिरा दी सरकारी दीवार, मुकदमा दर्ज
तत्कालीन डीएम ने कार्यकाल में लगवाई थी दीवार। एक कार्यक्रम में पहुंचे लोगों ने सांसद के सामने उठाई दीवार समस्या।
जासं, बुलंदशहर। तत्कालीन डीएम द्वारा लगवाई गई डीएम कालोनी की एक दीवार को सांसद डा. भोला ¨सह के नेतृत्व में भाजपाइयों व क्षेत्र के लोगों ने गिरा दिया। सांसद के हथौड़ा चलाने पर पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। घंटों चली गहमा-गहमी के बाद सांसद, भाजपा जिलाध्यक्ष समेत करीब 40 लोगों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। शाम के समय दीवार की जगह अफसरों ने जाल लगाकर रास्ता बंद करा दिया।
क्षेत्रीय भाजपा सांसद डा. भोला ¨सह, भाजपा जिलाध्यक्ष हिमांशु मित्तल अन्य कई कार्यकर्ताओं के साथ रविवार को डीएम रोड पर एक कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचे थे। उसी दौरान क्षेत्र के लोगों ने सांसद के समक्ष दीवार की समस्या को उठाते हुए रोक लिया। लोगों ने कहा कि पिछले साल तत्कालीन डीएम डा. रोशन जैकब ने डीएम कालोनी में दीवार लगवा दी थी। उसके बाद से लोगों को काफी दूरी तय कर डीएम रोड पर आना पड़ता है। अफसर इस मामले में उनकी सुन नहीं रहे हैं। इस पर सांसद डा. भोला ¨सह, भाजपाइयों और क्षेत्र के लोगों के साथ डीएम कालोनी की इस दीवार पर पहुंच गए। लोग तुंरत ही हथौड़े, बेलचे लेकर आ गए। इसके बाद सांसद ने खुद दीवार पर हथौड़ा चला दिया। इसके बाद अन्य लोग भी जुट गए और कुछ ही देर में दीवार को गिरा दिया । इसकी खबर पुलिस -प्रशासन को लगी तो अधिकारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। हालांकि तब तक सांसद समेत सभी लोग जा चुके थे। इस मामले में शाम को सांसद, जिलाध्यक्ष, भाजयुमो के पूर्व जिलाध्यक्ष लक्ष्मीराज को नामजद करते हुए 35 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
सांसद डा. भोला ¨सह ने कहा कि तत्कालीन डीएम रोशन जैकब के आदेश के बाद यह दीवार लगाई गई थी। लोगों को इस दीवार से आवागमन में बहुत परेशानी थी। जनता का प्रतिनिधि होने के नाते दीवार गिराने का निर्णय लिया गया। जनता की समस्या दूर करने के लिए एक नहीं दस मुकदमे भी झेलने के लिए तैयार हूं। डीएम अनुज कुमार झा ने कहा कि सरकारी दीवार को गिराना गैर कानूनी है। इसी कारण मामले में कानूनी कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज किया गया है।