Weather Update: देर रात आंधी-बारिश ने बदला मौसम का मिजाज, शहर के कई इलाकों में बिजली गुल Meerut News
मौसम का मिजाज आधी रात को तूफानी हो गया। तेज आंधी के साथ हुई बारिश ने कई इलाकों की बिजली गुल कर दी कई स्थानों पर होर्डिग और बैनर उड़ गए।
मेरठ, जेएनएन। Late night rain दिनभर शांत रहे मौसम का मिजाज आधी रात को तूफानी हो गया। तेज आंधी के साथ हुई बारिश ने कई इलाकों की बिजली गुल कर दी कई स्थानों पर होर्डिग और बैनर उड़ गए। मौसम विशेषज्ञों ने गुरुवार से मौसम साफ रहने के आसार जताए हैं। खेतों में कटाई के लिए रखी गेहूं की फसल और मौसमी सब्जियों को काफी नुकसान हुआ। खेतों में खड़ी फसल लेट गई, कटी फसल पूरी तरह भींग गई। आम को भी भारी नुकसान हुआ है।
यह है और संभावनाएं
मौसम विशेषज्ञों ने पहले ही छह तारीख को आंधी बारिश की संभावना जताई थी। आधी रात को तेज हवाओं के साथ बारिश से किसानों के माथे पर फसल के नुकसान के मद्देनजर चिंताओं की लकीरें उभर आई। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बंगाल की खाड़ी में सक्रिय हुए सिस्टम के चलते नम हवाओं का प्रवाह गंगा के मैदानी भागों में बढ़ गया। इसके साथ पश्चिम विक्षोभ के सक्रिय होने से देर रात आंधी और बारिश देखने को मिली है।
अंधेरे में डूबे मोहल्ले
आधी रात को आंधी के साथ हुई बारिश से बिजली सिस्टम धड़ाम हो गया। सुरक्षा की दृष्टि से नगरीय विद्युत वितरण मंडल ने सारे फीडरों की बिजली आपूर्ति रोक दी गई। इससे पूरे शहर में ब्लैक आउट की स्थिति बन गई। सिविल लाइंस, घंटाघर, छावनी क्षेत्र सहित शहर के पुराने मोहल्लों में अंधेरा छा गया। आंधी-पानी के चलते विद्युत लाइनों में फॉल्ट की स्थिति बन गई। कंट्रोल रूम में विद्युत पोल गिरने की सूचनाएं पहुंची। शहर में अंधेरा छाते ही बिजली अफसर सक्रिय हुए। अधीक्षण अभियंता एके सिंह ने कहा कि पेट्रोलिंग पर टीमें भेजी जा रही हैं।