Move to Jagran APP

Kisan Mahapanchayat: मेरठ और मुजफ्फरनगर में भाकियू ने फ्री कराया टोल प्‍लाजा, लाखों का हुआ नुकसान

रविवार को संयुक्त किसान मोर्चा की मुजफ्फरनगर महापंचायत के लिए बड़ी संख्‍या में अन्‍य प्रदेशों से किसान यहां पर पहुंचे। भाकियू कार्यकर्ताओं ने मेरठ के सिवाया और मुजफ्फरनगर का छपार टोल प्लाजा फ्री करा दिया था। अफसर भी यहां पर पहुंचे।

By Prem Dutt BhattEdited By: Published: Sun, 05 Sep 2021 06:30 PM (IST)Updated: Sun, 05 Sep 2021 06:30 PM (IST)
Kisan Mahapanchayat: मेरठ और मुजफ्फरनगर में भाकियू ने फ्री कराया टोल प्‍लाजा, लाखों का हुआ नुकसान
मेरठ में सिवाया टोल प्लाजा का आईजी ने किया निरीक्षण, पुलिस अधिकारियों को दिए थे निर्देश।

मेरठ, जेएनएन। मुजफ्फरनगर में हो रही संयुक्त किसान मोर्चा की महापंचायत के मद्देनजर मेरठ के सिवाया टोल प्लाजा और मुजफ्फरनगर के छपार में टोल प्‍लाजा को भाकियू कार्यकर्ताओं ने शनिवार के बाद रविवार को भी टोल फ्री करा दिया। इसके चलते टोल कंपनियों को लाखों का नुकसान उठाना पड़ा। वहीं रविवार को आईजी रेंज प्रवीण कुमार सिवाया टोल प्लाजा पर पहुंचे और टोल फ्री के प्रकरण में अधिकारियों से वार्ता की। साथ ही टोल पर तैनात पुलिस अधिकारी, महिला एसीएम को जरूरी निर्देश दिए थे।

loksabha election banner

शाम तक फ्री

सुबह पंचायत से पहले टोल की 12 में से 10 लेन फ्री चल रही थी। बाकी दो लेन पर भाकियू का कृषि कानून के विरोध में पिछले दो माह से धरना जारी है। सुरक्षा की दृष्टि को देखते हुए आईजी ने पुलिस को तैनात रहने के निर्देश दिए हैं। वहीं छपार में भी भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने रविवार को किसान महापंचायत के चलते छपार टोल प्लाजा को फ्री करा दिया, जो शाम तक ही फ्री चलता रहा।

तीस लाख रुपये से अधिक का नुकसान

मोदीपुरम में टोल प्लाजा के वरिष्ठ मैनेजर प्रदीप चौधरी का कहना है कि वीकेंड के चलते शनिवार और रविवार को टोल प्लाजा पर अन्य दिनों के मुकाबले 10 गुना वाहनों की संख्या रहती है। मगर इस बार शनिवार दोपहर से ही टोल फ्री चल रहा है, जो संभवत रविवार रात तक जारी रहेगा। ऐसी स्थिति में वेस्टर्न यूपी टोल वे कंपनी को तीस लाख रुपए से अधिक का नुकसान होने की संभावना है।

टोल पर की गई नारेबाजी

वहीं दूसरी ओर मुजफ्फरनगर जिले के छपार में टोल प्लाजा से ही भाकियू कार्यकर्ता महापंचायत में शामिल होने के लिए रवाना हुए। दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे-58 पर स्थित छपार टोल पर रविवार सुबह से ही भाकियू कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटाना आरंभ हो गई। सुबह दस बजे एकत्र भाकियू कार्यकर्ताओं ने टोल फ्री करा दिया और नारेबाजी करने लगे। पुरकाजी के पूर्व ब्लाक अध्यक्ष संजय त्यागी ने कहा कि सयुंक्त किसान मोर्चे के आह्वान पर मुजफ्फरनगर में आयोजित किसान महापंचायत के चलते हाईकमान के आह्वान पर टोल प्लाजा को फ्री कराया है।

टोल पर पुलिस बल रहा तैनात

पंचायत की समाप्ति तक टोल फ्री ही चलेगा। पुरकाजी ब्लाक के सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता टोल प्लाजा से ही महापंचायत में शामिल होने के लिए नारेबाजी करते हुए रवाना हुए। सुरक्षा के मद्देनजर प्रभारी निरीक्षक प्रेमप्रकाश शर्मा पुलिस बल के साथ टोल प्लाजा पर तैनात रहे। रविवार शाम को पंचायत की समाप्ति के बाद ही टोल पर वसूली आरंभ हो सकी। इस दौरान प्रताप सिंह, मुकेश ठाकुर, शहजाद त्यागी, मुकीम खुड्डा, अमित त्यागी, रब्बान, मुरसलीन, राशिद त्यागी, उस्मान त्यागी आदि मौजूद रहे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.