विश्वविद्यालय में चल रही नियुक्तियों में रखें पारदर्शिता : राज्यपाल
प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने शुक्रवार को राजभवन में चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की समीक्षा बैठक की।
मेरठ, जेएनएन। प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने शुक्रवार को राजभवन में चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की समीक्षा बैठक की। जिसमें उन्होंने नैक मूल्यांकन का प्रजेंटेशन देखा और नैक के मानकों के अनुसार कार्य करने के लिए निर्देशित किया। साथ ही विश्वविद्यालय में चल रही नियुक्ति प्रक्रिया को पूर्ण पारदर्शिता के साथ त्रुटिरहित बनाने को कहा।
राजभवन के तैयार किए गए पोर्टल पर विश्वविद्यालय की सूचनाओं को अपलोड करने पर भी जोर दिया। नैक का प्रजेंटेशन देखने के बाद राज्यपाल ने कहा कि विश्वविद्यालय शोध, परामर्श, छात्र सुविधाओं, संस्थान के संगठन व प्रबंधन, शिक्षा के लिए आवश्यक उपकरण आदि सभी विषयों पर काम करे। जिससे नैक में बी से ए प्लस ग्रेड मिल सके। कुलाधिपति ने ई-गवर्नेंस, सीबीसीएस सिस्टम (च्वाइस बेस्ड क्रेडिट सिस्टम), फीडबैक सिस्टम, पठन-पाठन के लिए विशेष सुधार करने पर जोर दिया। इसके लिए पूर्व छात्र सम्मेलन, सामाजिक गतिविधियों, टोटल बेस्ट मैनेजमेंट, छात्रों में लीडरशिप जैसी गतिविधियों को बढ़ाने के लिए कहा। ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक बुराइयों को दूर करने के लिए छात्रों की टोली बनाकर वहां भेजने का सुझाव दिया। राज्यपाल ने यह भी कहा कि देश में बच्चों की मृत्युदर अत्यधिक न हो, इसके लिए ग्राम प्रधानों को प्रेरित करें।
विवि के शिक्षक परिसर से बाहर निकलें
राज्यपाल ने कहा कि विश्वविद्यालय के शिक्षक व स्टाफ परिसर से बाहर निकले। कम से कम वर्ष में एक बार अपने परिवार के साथ आंगनबाड़ी केंद्र जाएं। वहां के बच्चों से संवाद करें। बच्चों को फल व मिठाई दें।
खुद बनाओ खुद खाओ
राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने सीसीएसयू के छात्रावास में रह रही छात्राओं के लिए भी सुझाव दिया। कहा कि छात्राओं को कभी-कभी खुद बनाओ खुद खाओ श्रृंखला के तहत खाना बनाना चाहिए। इससे वह अच्छा खाना बनाना सीख सकेंगी। इस तरह के कार्यों के लिए विवि के शिक्षक और अधिकारियों को हर दिन संवाद करने के लिए भी कहा। जिससे स्थानीय समस्याओं का निदान किया जा सके।
अपव्यय रोकने का करें प्रयास
राज्यपाल ने ऐसी योजनाओं पर काम करने के लिए कहा, जिससे अपव्यय को रोका जा सके। गोपनीय मुद्रण कार्य का आडिट कराने पर भी जोर दिया। राज्यपाल अपर मुख्य सचिव महेश कुमार गुप्ता, कुलपति एनके तनेजा, ओएसडी शिक्षा पंकज एल जानी, कुलसचिव धीरेंद्र कुमार, वित्त अधिकारी शिव कुमार गुप्ता सहित विवि के अन्य शिक्षक रहे।