Janmashtami 2020: श्रद्धालुओं ने मंदिरों में दूर से ही किए झांकियों के दर्शन, कालोनियों और घरों में दिखा पर्व का उल्लास
सदर स्थित धनेश्वर महादेव मंदिर और वामन मंदिर में पीतांबरी आभा की पोशाक धारण किए भगवान का दिव्य स्वरूप देखते ही बन रहा था। वामन भगवान मंदिर में दूर से झांकी देखने की व्यस्था की गई।
मेरठ, जेएनएन। कोरोना के बावजूद कान्हा जन्मोत्सव का उत्साह श्रद्धालुओं पर भारी रहा। प्रवेश प्रतिबंधित होने के कारण भक्तों ने मंदिरों में दूर से ही कान्हा और राधा रानी के दिव्य रूपों के दर्शन किए। घरों और कालोनियों में भी श्रद्धा और भक्ति का आवेग हिलोरे लेता रहा। छोटे-छोटे बच्चे कान्हा के रूप में सजे दिखे। माखन की मटकी लिए फोटो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुए। बहुमंजली कालोनियों, बागपत रोड, शास्त्रीनगर, माधवपुरम कालोनियों के साथ गली मोहल्लों के मंदिरों में भी जन्माष्टमी पर्व मनाया गया। बादलों के चलते देर रात चांद भी नजर नहीं आया।
औघड़नाथ मंदिर में राधाकृष्ण के दरबार को फूलों से सजाया गया। रंग बिरंगे पुष्पों से सजे दरबार में भगवान ने गुलाबी पोशाक से श्रंगार किया। कृष्ण और राधा रानी का मुकुट विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। रात 11.40 पर लड्डू गोपाल का पंचामृत से अभिषेक हुआ। मंदिर समिति के अध्यक्ष डा. महेश बंसल, सतीश सिंघल ने प्रसाद वितरित किया। सदर व्यापार मंडल ने हनुमान चौक से शिव चौक तक भव्य सजावट की।
राजराजेश्वरी देवी ने धारण किया कृष्ण का रूप
सम्राट पैलेस स्थित राजराजेश्वरी मंदिर में कान्हा की झांकी सजायी गई। ब्रह्मचारी राधिकानंद ने रात 11.40 बजे पूजन और आरती की। बागपत रोड देव पार्क कालोनी के मंदिर को लाइटों और गुब्बारों से सजाया। पुजारी प्रवीन सेमवाल ने पूजन आरंभ किया। विजय चौधरी, सुनील अग्रवाल, सर्वेश नंदन गर्ग, राकेश, राजगोपाल गर्ग, राहुल गिरी मौजूद रहे। दिल्ली रोड स्थित सुपरटेक पाम ग्रीन और सरस्वती लोक कालोनी में लड्डूगोपाल को झूले में विराजमान करा कर पूजा अर्चना की गई।
एडवांस में आए केक के ऑर्डर
मेरठ ऑनलाइन केक के संचालक हर्षवीर सिंह ने बताया कि उनके पास सिर्फ श्रीकृष्ण के लिए विशेष केक के आर्डर आ रहे हैं। मटकी केक, केक पर माखन, बांसुरी व कान्हा की लीलाओं वाले केक तैयार किए गए। बुधवार के लिए भी एडवांस में कई आर्डर आए।
कोरोना काल में जन्माष्टमी से लौटी रौनक
साकेत स्थित दी केक फैक्टरी की संचालिका गरिमा मित्तल ने बताया कि कोरोना काल में जन्माष्टमी पर्व बाजार के लिए एक अच्छा अवसर बनकर आया।
वृंदावन के कलाकारों ने सजाई मनमोहक झांकी
मेरठ : फूल डोल कमेटी सराफा बाजार की ओर से मंगलवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर महादेव सराफा बाजार मंदिर परिसर में राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकी सजाई गई। वृंदावन के कलाकारों ने मथुरा के मंदिरों की तरह झांकी को सुंदर रूप दिया। रात में विधि-विधान के साथ श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया गया।