राम मंदिर के भूमि पूजन के समय दीप जलाकर णमोकार मंत्र का जाप करेगा जैन समुदाय Meerut News
भारतीय जैन मिलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश जैन रितुराज ने कहा कि श्रीराम मंदिर का भूमि पूजन का दिन राष्ट्रीय पर्व के रूप में मनाया जाना चाहिए।
मेरठ, जेएनएन। पूरे देश के साथ- साथ जैन समुदाय भी अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण को लेकर उत्साहित है। भारतीय जैन मिलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य सुरेश जैन रितुराज ने कहा कि पांच अगस्त को श्रीराम मंदिर का भूमि पूजन का दिन राष्ट्रीय पर्व के रूप में मनाया जाना चाहिए। भूमि पूजन के समय समाज के लोग अपने घरों पर णमोकार मंत्र का पाठ करेंगे।
एक दीपक प्रज्ज्वलित करेंगे
मंदिर निर्माण निर्विघ्न पूरा होने की कामना करेंगे। रात्रि को घर के बाहर कम से कम एक दीपक प्रज्ज्वलित करेंगे। उन्होंने कहा कि 1992 में जब मंदिर निर्माण की आवाज विश्व हिंदू परिषद के नेतृत्व में पूरे देश में गूंज रही थी, तब हजारों जैन बंधुओं ने इसमें अपना सहयोग दिया। जैन मुनि सहित हजारों जैन परिवारों ने शिला पूजन में अपना अर्पण दिया। उन्होंने कहा यह राष्ट्रीय पर्व है। देश के संपूर्ण समाज में इस भव्य व दिव्य कार्यक्रम के प्रति खुशी और उल्लास का वातावरण है। गुजरात, मध्य प्रदेश, राजस्थान समेत कई प्रदेशों का जैन समुदाय इसमें भरपूर दान दे रहा है।
सानिध्य और आशीर्वाद देंगे
यह अवसर बेहद गौरव का है। पूरे विश्व में इससे देश का सिर एक बार फिर ऊंचा हो गया है। उन्होंने बताया कि जैन समाज के पूज्य रविंद्र कीर्ति स्वामी महाराज सहित अन्य साधु संत इस अविस्मरणीय अवसर पर आमंत्रित किए गए हैं और वह अपना सानिध्य और आशीर्वाद देने पहुंच रहे हैं। रविंद्र कीर्ति महाराज हस्तिनापुर स्थित जंबूद्वीप में हैं।