लोहे की दीवार आधी से ज्यादा तैयार, जल्द लगेंगी लाइट
रैपिड रेल से जुड़े निर्माण कार्य तेज से हो रहे है। लोहे की दीवार आधी से ज्यादा तैयार हो गई है।
मेरठ, जेएनएन। रैपिड रेल से जुड़े निर्माण कार्य तेज से हो रहे है। लोहे की दीवार आधी से ज्यादा तैयार हो गई है। जल्द ही लाइट और संकेतक भी लगा दिए जाएंगे। अगले सप्ताह के शुरुआत में ही निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया जाएगा। वहीं, मंगलवार को कुछ देर के लिए दोनों साइड का ट्रैफिक एक ही लेन पर चलाकर भी देखा गया।
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम रैपिड रेल कारीडोर का निर्माण कर रहा है। अलग-अलग निर्माण एजेंसियों को जिम्मेदारी है। शारदा रोड से लेकर बेगमपुल तक भूमिगत स्टेशन बनाने की जिम्मेदारी एफकांस कंपनी को है। भैंसाली डिपो पर काम चल रहा है, जबकि बेगमपुल पर शुरुआत की तैयारी अंतिम दौर में है। कंपनी की ओर से बनाई जाने वाली लोहे की दीवार एक दो दिन में पूरी हो जाएगी। इसके बाद लाइट, संकेतक और अन्य जरूरी उपकरण भी लगा दिए जाएंगे। एसपी ट्रैफिक जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि काम तेजी से चल रहा है। अगले सप्ताह के शुरू में निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। इससे पहले यातायात की व्यवस्था को भी पटरी पर ला दिया जाएगा।
एक लेन में दौड़ा ट्रैफिक
मंगलवार से बेगमपुल से लेकर जीरोमाइल तक का ट्रैफिक एक लेन में दौड़ाने की तैयारी थी। हालांकि यह व्यवस्था पूरी तरह से लागू नहीं हो सकी। कुछ देर के लिए दोपहर में एक लेन से वाहनों को चलाने का रिहर्सल किया था। शुरू में सामान्य रहा, लेकिन जल्द ही जाम जैसी स्थिति बन गई थी। इसके चलते ही फिर से दोनों ओर से यातायात चलने लगा। सड़क किनारे अतिक्रमण भी एक कारण बना। अफसरों का कहना है कि अतिक्रमण हटाया जाएगा। इसके बाद फिर से प्रयास किया जाएगा।