मेरठ : ब्रिटेन से आएं हैं तो ध्यान रखिए आप खुफिया तंत्र की नजर में...
ब्रिटेन में कोरोना वायरस के नये रूप यानी स्ट्रेन से दुनियाभर में हड़कंप मच गया है। ब्रिटेन से आने वाले लोगों की यहां भी पड़ताल शुरू हो गई है। खुफिया तंत्र और स्वास्थ्य विभाग मिलकर पड़ताल में जुट गए हैं।
मेरठ, जेएनएन। ब्रिटेन में कोरोना वायरस के नये रूप यानी स्ट्रेन से दुनियाभर में हड़कंप मच गया है। ब्रिटेन से आने वाले लोगों की यहां भी पड़ताल शुरू हो गई है। खुफिया तंत्र और स्वास्थ्य विभाग मिलकर पड़ताल में जुट गए हैं। अन्य देशों से एक सप्ताह पहले आए लोगों की जानकारी भी जुटाई जा रही है। प्रशासन इनकी पड़ताल में लग गया है। किसी तरह की लापरवाही न हो इस वजह से शहर में विदेश से आए लोगों पर नजर रखी जा रही है।
नये वायरस के चलते ब्रिटेन से आने वाली उड़ानों पर 31 दिसंबर तक रोक लगा दी गई है। माना जा रहा है कि ब्रिटेन से आने वाले लोगों के साथ कोरोना का स्ट्रेन देश में आ सकता है। ऐसे में जनपद में अलर्ट कर दिया गया है।
एक सप्ताह पहले विदेश से आए लोगों का दोबारा से टेस्ट भी कराया जा सकता है। एसएसपी अजय साहनी का कहना है कि हाल में ब्रिटेन से जनपद में आने वाले किसी भी शख्स की जानकारी नहीं है। स्वास्थ्य विभाग में बाहर से आने वाले लोगों की डेस्क बनी हुई है। अभी तक ब्रिटेन से आने वाले किसी भी व्यक्ति की जानकारी स्वास्थ्य विभाग को भी नहीं मिली है।
सीएमओ ने क्या दी जानकारी
सीएमओ अखिलेश मोहन ने बताया कि विभाग की टीम विदेश से आने वाले लोगों की जानकारी जुटा रही है। विदेश से आने वाले लोगों की पड़ताल के बाद उनका टेस्ट करवाया जाएगा। साथ ही क्वारंटाइन भी किया जाएगा। ब्रिटेन से आने वाले लोगों का दोबारा से भी टेस्ट कराया जा सकता है। फिलहाल में अभी ब्रिट्रेन से आए लोगों की कोई जानकारी नहीं है।