पुलिस लाइन में रंगरूट ने हाथ की नस काटी, हंगामा
पुलिस लाइन में शुक्रवार शाम एक रंगरूट ने हाथ की नस काट ली जिस पर साथियों ने
मेरठ,जेएनएन। पुलिस लाइन में शुक्रवार शाम एक रंगरूट ने हाथ की नस काट ली, जिस पर साथियों ने हंगामा कर दिया। उन्होंने प्रशिक्षकों पर अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया। एएसपी लाइन ने उन्हें शांत किया। इसके बाद उनसे लिखित में शिकायतें पूछी और समाधान का आश्वासन दिया।
दस दिन पहले ही पुलिस लाइन में रंगरूट का नया बैच आया है। शुक्रवार शाम एक रंगरूट ने हाथ की नस काट ली। अन्य साथियों ने उसे संभालते हुए हंगामा शुरू कर दिया। आरआइ और अन्य स्टाफ भी पहुंच गया और घायल को पुलिस अस्पताल में भर्ती कराया। साथियों ने प्रशिक्षकों पर अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया। एएसपी लाइन सूरज राय ने पुलिस लाइन पहुंचकर सभी रंगरूट को हाल में एकत्र किया। करीब एक घंटे तक सभी को समझाया और फिर उनसे लिखित में समस्याओं के बारे में जानकारी ली। इस दौरान अधिकतर रंगरूटों ने प्रशिक्षकों के गलत व्यवहार के बारे में शिकायत की। उन्होंने समाधान का आश्वासन देकर शांत किया। साथ ही कहा कि किसी को कोई भी परेशानी हो तो वह उनसे बता सकता है। एएसपी लाइन में बताया कि रंगरूट ने नस काटने का प्रयास किया था। पुलिस अस्पताल में उसका उपचार करा दिया था। वह पारिवारिक परेशानी से भी जूझ रहा था। कुछ ने लिखित में शिकायतें दी हैं। उनका समाधान कर दिया जाएगा। अभी उनको आए हुए 10 दिन ही हुए हैं।
विवाहिता ने सास पर लगाया मारपीट का आरोप: सरधना की मोहल्ला मंडी चमारान निवासी विवाहिता शनिवार को अपने पति के साथ थाने पहुंची। जहां, उसने अपनी सास पर मारपीट का आरोप लगाकर तहरीर दी।
मोहल्ला मंडी चमारान निवासी रजिया ने थाने में बताया कि शनिवार को उसका पति आरिफ घर से बाहर किसी काम से गया था। आरोप है कि उसकी सास ने मामूली कहासुनी पर मारपीट शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर थाने पहुंची और आरोपित सास के खिलाफ तहरीर दी। वहीं, सास भी पहुंच गई। इस दौरान उन्होंने आरोपों को बेबुनियाद बताया। फिलहाल, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।