मुजफ्फरनगर में आंधी तूफान से फसलों को भी पहुंचा नुकसान, किसान मायूस Muzaffarnagar News
गुरुवार देर रात मुजफ्फरनगर जिले में तूफान ने खेतों पर खड़ी फसलों को काफी नुकसान पहुंचाया। पेड़ पौधों को भी भारी नुकसान हुआ है। धान और गन्ने की फसल बर्बाद हो जाने से किसानों की चिंताएं बढ़ गई हैं। कल रात में मौसम अचानक बदल गया था।
मुजफ्फरनगर, जेएनएन। मुजफ्फरनगर जिले के भोपा क्षेत्र के गांव सीकरी और सिकंदरपुर के जंगल में गुरुवार देर रात आए तूफान से किसानों की फसलों और पेड़ पौधों को भारी नुकसान हुआ है। धान व गन्ने की फसल बर्बाद हो जाने से किसानों की चिंताएं बढ़ गई हैं। गुरुवार देर रात आए भयंकर तूफान से धान और गन्ने की फसल बुरी तरह ढह जाने से किसानों के चेहरे लटक गए। इन दिनों किसान धान की फसल की कटाई में जुटे हुए हैं।
काफी हुआ है नुकसान
किसान योगेश गुज्जर, पूर्व चेयरमैन मदनपाल, अजब सिंह, ज्ञान सिंह, श्यामवीर, कालूराम आदि ने बताया कि तूफान से उनकी कईं बीघा धान की फसल बर्बाद हो गई। जिसके कारण लाखों का नुकसान हो गया। किसानों का कहना है कि धान की फसल लेट जाने से चावल के दाने की गुणवत्ता प्रभावित हो जाएगी और बाजार में भाव भी कम मिलेगा। ग्रामीण जगवीर, मथन सिंह, कंवरपाल, राजेन्द्र ने बताया कि आंधी तूफान इतना तेज था कि उनके खेत में बड़े पेड़ भी जड़ से उखड़ गए। रामवीर, यशपाल, विपिन और नाहर सिंह की कईं बीघा गन्ने की फसल बर्बाद होने से भारी आर्थिक क्षति पहुंची है।