तेल का खेल : अवैध तेल स्टॉक में डिपो मालिक और मैनेजर पर FIR दर्ज Meerut News
अवैध केरोसिन तेल मिलने पर शहर के कारोबारी संजय कुमार और उनके मैनेजर विक्की पर आवश्यक वस्तु अधिनियम 3 और 7 में थाना परतापुर में मुकदमा दर्ज कराया है।
मेरठ, जेएनएन। illegal oil stock पेट्रोल में मिलावट के बाद अब केरोसिन की कालाबाजारी का बड़ा मामला सामने आया है। शहर के बड़े तेल कारोबारी संजय कुमार के थोक मिट्टी तेल गोदाम पर शनिवार को पूर्ति विभाग की टीम ने छापामारी की। वहां अवैध रूप से रखा गया 71888 लीटर मिट्टी का तेल बरामद किया गया। टीम ने आशंका जाहिर की है कि यह तेल कालाबाजारी और मिलावट के लिए रखा गया था।
आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत FIR
देर रात तीन बजे पूर्ति विभाग के निरीक्षक योगेंद्र ने परतापुर थाने में कारोबारी संजय कुमार और उनके मैनेजर विक्की पर आवश्यक वस्तु अधिनियम 3 और 7 में मुकदमा दर्ज कराया। इस कार्रवाई के बाद शहर के अन्य तेल कारोबारियों में हड़कंप मचा है। बता दें कि संजय कुमार का शहर में पेट्रोल पंप भी है और शताब्दीनगर स्थित द अध्ययन स्कूल का संचालन भी करते हैं।
शनिवार को गोदाम में मारा छापा
शनिवार को एडीएम सिटी अजय तिवारी के नेतृत्व में पूर्ति विभाग की टीम ने परतापुर में मैसर्स रतीराम खूबचंद के ग्राम कुंडा स्थित मिट्टी तेल गोदाम में छापा मारा। यह गोदाम शम्भूनगर निवासी संजय कुमार पुत्र रामनिवास का है। पुलिस के मुताबिक, गोदाम परिसर में एक टैंकर खड़ा था। रजिस्ट्रर में उसके नजीबाबाद से तेल लेकर आना दर्ज था। उसके अलावा गोदाम में 70-70 हजार लीटर क्षमता के चार भूमिगत टैंक थे, लेकिन डीलर को वर्तमान में 47 हजार लीटर मिट्टी तेल आवंटित था।
मिला था तेल का अवैध स्टॉक
जांच में चारों टैंक में 1.17 लाख 185 लीटर मिट्टी का तेल पाया गया। मतलब, केरोसिन का 71 हजार 888 लीटर का अवैध स्टॉक मिला। मैनेजर विक्की निवासी माधवपुरम से इस पर जवाब मांगा गया, लेकिन वह निरुत्तर रहा। सभी टैंकों को सील कर दिया गया। टैंकर परतापुर पुलिस के हवाले कर दिया। संबंधित खबर पेज 5
इनका कहना है
केरोसिन का अवैध स्टॉक मिलने पर कारोबारी संजय कुमार के खिलाफ परतापुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। साक्ष्य के आधार पर ही विधिवत कार्रवाई की जाएगी। पूरे मामले को शीर्ष अफसर देख रहे है।
- प्रशांत कुमार, एडीजी जोन