सिंचाई विभाग के खंडहर में चल रही थी अवैध हथियार बनाने की फैक्ट्री, दो गिरफ्तार Bijnor News
नगीना देहात पुलिस को सूचना मिली कि गांव परमावाला जाने वाली नहर पटरी के पास सिंचाई विभाग के बंद पड़े खंडहर में अवैध शस्त्र बनाने की फैक्ट्री चल रही है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मौके से दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
बिजनौर, जेएनएन। पुलिस ने अवैध शस्त्र फैक्ट्री पर छापा मारा। इस दौरान बने-अधबने अवैध शस्त्र, कारतूस और शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद किए। पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
नगीना देहात पुलिस को सूचना मिली कि गांव परमावाला जाने वाली नहर पटरी पर स्थित नीले डैम के पास सिंचाई विभाग के बंद पड़े खंडहर में अवैध शस्त्र बनाने की फैक्ट्री चल रही है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मौके से दो आरोपितों नजीबाबाद के मोहल्ला जाब्तागंज निवासी शहजाद उर्फ मैगी और शहजाद को गिरफ्तार किया। अवैध फैक्ट्री से 12 बोर की एक बंदूक, 315 बोर के चार तमंचे के साथ-साथ छह अधबने तमंचे, 315 बोर के तीन कारतूस, एक खोखा, 12 बोर का एक कारतूस, एक खोखा, लोहे की छोटी-बड़ी 10 नाल और शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद किए। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया।
अवैध शस्त्रों के खरीदारों की जानकारी कर रही पुलिस
पुलिस पूछताछ में पकड़े गए आरोपितों ने बताया कि वह काफी समय से अवैध शस्त्र बनाकर उन्हें बेचने का धंधा कर रहे हैं। पंचायत चुनाव के कारण शस्त्रों की डिमांड बढ़ गई है। खरीदारों से मोटी रकम लेकर अवैध रूप से बनाए गए शस्त्र कहां-कहां बेचे गए हैं, पुलिस इसकी जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि शस्त्र बनाने की अवैध फैक्ट्री चलाने वाले दोनों आरोपितों के खिलाफ पहले भी विभिन्न धाराओं में नजीबाबाद और कोटद्वार थानों में मुकदमे दर्ज हैं।