घर पर लकड़ी का दरवाजा नहीं काटा तो मिस्त्री पर पिता पुत्र ने किया हमला, घायल Bulandshahr News
बुलंदशहर में एक अजीबोगरीब मामला सामना आया है। घर पर काम कर रहे एक मिस्त्री ने जब लकड़ी का दरवाजा काटने से इंकार कर दिया तो गुस्साए पिता पुत्र ने उस पर ग्लाइंडर से हमला बोल दिया। घायल मिस्त्री का दिल्ली में इलाज चल रहा है।
बुलंदशहर, जेएनएन। बुलंदशहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला फैसलाबाद की रहने वाली एक महिला ने आवास विकास के रहने वाले पिता पुत्र पर अपने बेटे के हाथ और पैर काटने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि ग्लाइंडर से हाथ व पैर पर हमला करके घायल कर दिया। युवक का दिल्ली के एक अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
फैसलाबाद निवासी सायरा ने बताया कि उसका बेटा 32 वर्षीय दानिश टाइल्स लगाने का काम करता है। आरोप है कि दो अक्टूबर को उसे आवास विकास निवासी पिता-पुत्र ने अपने घर में टाइल्स लगाने के लिए बुलाया था। टाइल्स का जब उनका काम खत्म हो गया तो दोनों ने कहा कि दानिश ग्लाइंडर से उनका लकड़ी का एक दरवाजा भी काट दे। दानिश ने लकड़ी के काम करने से इन्कार कर दिया। आरोप है कि उसी समय पिता पुत्र ने दानिश के हाथ से ग्लाइंडर छीन लिया और कहा कि यदि वह दरवाजा नहीं काटेगा तो वह उसकी गर्दन काट देंगे।
इसी दौरान आरोपितों ने उसके हाथ और पैर पर ग्लाइंडर से हमला कर दिया। जिससे दानिश के हाथ और पैर कट गए। गंभीर घायल होने के बाद दानिश ने अपने परिजनों को बुलाया। जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। अब दानिश का उपचार दिल्ली में चल रहा है। शहर कोतवाली प्रभारी अखिलेश त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर मिल गई है। जिसकी जांच चल रही है।