बुलंदशहर में पहली शादी छिपाकर की दूसरी, अब दूसरी को भी निकाला
बुलंदशहर में विवाहिता से छिपाया गया कि उसके पति की पहली भी शादी हो रखी है। विवाहिता को दो साल बाद पता चला तो उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे। यही नहीं आरोप है कि ससुर ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
बुलंदशहर, जेएनएन। पहासू थानाक्षेत्र के एक गांव की रहने वाली विवाहिता से छिपाया गया कि उसके पति की पहली भी शादी हो रखी है। विवाहिता को दो साल बाद पता चला तो उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे। यही नहीं, आरोप है कि ससुर ने उसके साथ दुष्कर्म किया। जब पति को यह बात बताई तो आरोपितों ने मारपीट करके विवाहिता को घर से निकाल दिया। पीड़िता ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
यह है मामला
विवाहिता ने बताया कि उसकी शादी मेरठ के एक मोहल्ला निवासी युवक के साथ हुई थी। विवाहिता का कहना है कि जब रिश्ता तय हुआ तो उस समय यह नहीं बताया गया कि उसके पति की अलीगढ़ निवासी युवती से पहले भी शादी हो चुकी है। अलीगढ़ निवासी परिवार से उसके पति ने रुपये देकर समझौता कर लिया था। विवाहिता की शादी 2016 में हुई और यह बात 2018 में विवाहिता को पता चला। जिसके बाद उसने विरोध करना शुरू कर दिया। घर से निकालने के लिए आरोपितों ने अतिरिक्त दहेज में प्लॉट और पांच लाख रुपये की मांग करने लगे। आरोप है कि ससुर ने भी उस पर बुरी नजर रखनी शुरू कर दी। ससुर पर दुष्कर्म का भी आरोप है। पीड़िता ने एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में मांग की है कि सभी पर मुकदमा दर्ज किया जाए। एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि विवाहिता की शिकायत की जांच परिवार परामर्श केंद्र में जांच को भेजी है।