खाकी का भी खौफ नहीं, होमगार्ड की बेटी से सरेराह छेड़छाड़, घर में खींचने की कोशिश Meerut News
मेरठ शहर में तो मनचलों ने हदें ही पार दी हैं। इन्हें अब वर्दी का भी खौफ नहीं रहा। रविवार को मोहल्ले के ही युवक ने साथियों के साथ मिलकर होमगार्ड की बेटी से छेड़छाड़ कर दी।
मेरठ, जेएनएन। मनचलों को अब खाकी का भी खौफ नहीं है। रविवार दोपहर बाद मोहल्ले के ही युवक ने साथियों के साथ मिलकर होमगार्ड की बेटी से छेड़छाड़ कर दी। उसे घर में खींचने का प्रयास किया। विरोध करने पर पिटाई कर दी। छात्रा दुकान पर सामान लेने जा रही थी। लोगों को आता देख आरोपित भाग गए। पीडि़ता ने ब्रह्मपुरी थाने में तहरीर दी है।
पिटाई भी कर डाली
ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र निवासी व्यक्ति होमगार्ड है। उनकी कक्षा सात में पढऩे वाली बेटी रविवार को दोपहर बाद दुकान से सामान लेने जा रही थी। आरोप है कि रास्ते में ही मोहल्ला निवासी युवक चार साथियों के साथ खड़ा था। उसने नाबालिग से छेड़छाड़ कर उसे घर में खींचने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपितों ने उसकी पिटाई कर दी। शोर सुनकर आसपास के लोग दौड़े तो आरोपित भाग गए।
काफी दिनों से कर रहा था परेशान
जानकारी पर स्वजन पहुंचे और ब्रह्मपुरी थाने में तहरीर दी। उनका कहना है कि युवक काफी दिनों से बेटी को परेशान कर रहा है। आरोपित के स्वजनों से शिकायत भी की थी, लेकिन कुछ नहीं हुआ। आरोपित के संप्रदाय विशेष का होने से तनाव बना हुआ है। थाना प्रभारी सुभाष अत्री ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। आरोपित की धरपकड़ के लिए चौकी प्रभारी ने दबिश दी थी, लेकिन वह हाथ नहीं आया। उसे जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।
वर्दी से भी नहीं लगा डर
स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपित जानता है कि छात्रा के पिता होमगार्ड हैं। बावजूद इसके वह वर्दी से भी नहीं डरा। आरोपित शरारती किस्म का है। उसकी संगत भी गलत लोगों के साथ है। पूर्व में कई बार युवक ने छात्रा का रास्ता रोका था, जिसकी शिकायत उसके स्वजनों से की गई थी। हालांकि छात्रा की ओर से कभी थाने में शिकायत नहीं की गई, जिसके चलते आरोपित का दुस्साहस बढ़ गया। यदि पहले ही शिकायत होती तो युवक सलाखों के पीछे होता।