यूपी : हाथरस की युवती की दहेज के लिए बागपत में पीट-पीटकर हत्या, रोटी-रोटी के लिए कर दिया था मोहताज
बागपत में एक महिला की दहेज के लिए हत्या कर दी गई। परिजनों ने ससुरालियों पर आरोप लगाते हुए हंगामा किया। परिजनों का कहना था कि पिछले कुछ दिनों से महिला को दहेज के लिए उत्पीड़न कर रहे थे।
बागपत, जेएनएन। बालैनी थाना क्षेत्र के नवादा गांव में हाथरस जिले के सराय गांव की रहने वाली एक महिला की दहेज उत्पीड़न के चलते ससुरालीयों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। मामले की जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। इस बीच परिजनों ने हंगामा किया। परिजनों ने ससुरालियों पर आरोप लगाते हुए कहा कि महिला को पिछले कुछ दिनों से उत्पीड़न कर रहे थे। रोटी के लिए भी मोहताज कर दिया था। परिजनों ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।
दहेज में दिया था आल्टो कार
हाथरस जिले के सराय गांव निवासी रामबीर सिंह ने बताया कि छह साल पूर्व उन्होंने अपनी बेटी सीमा की शादी बालैनी थाना क्षेत्र के नवादा गांव निवासी एक युवक के साथ की थी। शादी के कुछ दिनों बाद ससुराल पक्ष द्वारा दहेज की मांग करने लगने। बेटी की खुशियों के लिए उन्होंने आल्टो कार दी थी। पिछले कई दिनों से दोबारा बेटी का उत्पीड़न करते हुए दहेज में 20 लाख रुपये की मांग करने लगे। मेरठ में एक प्लाट लेना है, प्लाट खरीदने के लिए 20 लाख चाहिए। विरोध करने पर बेटी के साथ मारपीट करने लगे। ससुराल पक्ष ने बेटी को रोटी के लिए भी मोहताज कर दिया था।
नहीं बच सकी जान
तीन अक्टूबर को ससुरालियों ने महिला को बूरी तरह से पीटा, जिसमें उसकी हालत गंभीर हो गई। उन्होंने गंभीर हालत में उसे मेरठ अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर मंगलवार को उसने दम तोड़ दिया। वहीं ससुराल पक्ष मकान का ताला लगाकर मौके से फरार हो गए। महिला की मौत की जानकारी मिलने पर पीड़ित परिजनों ने मौके पर पहुंचे। ससुराल पक्ष पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए परिजनों ने हंगामा किया।
सीओ ओमपाल सिंह का कहना है कि मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर हत्या करने का आरोप लगाया है। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है।